(Date : 29/March/2424)

(Date : 29/March/2424)

संस्कृति केएमवी स्कूल मे वार्षिक परीक्षा परिणाम सत्र 2023-24 | डीएवी कॉलेज जालंधर में रोजगार कौशल पर चार दिवसीय कार्यशाला का आयोजन | डिप्स स्कूल कपूरथला में आयोजित की गई ग्रेजुएशन सेरेमनी | पी.सी.एम.एस.डी. कॉलेज फॉर वूमेन, जालंधर के गुरु नानक स्टडी सेंटर द्वारा इंटर क्लास क्विज प्रतियोगिता का आयोजन | बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर वुमेन द्वारा पुस्तक प्रदर्शनी में दुनिया का अन्वेषण करने का आयोजन |

सामाजिक गतिविधयां

लायंस क्लब जालंधर सरताज ने कुष्ठ आश्रम में लगाया लंगर

जालंधर (अरोड़ा) - लायंस क्लब जालंधर सरताज ने सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हुए प्रधान लायन प्रमोद आनंद व् फर्स्ट लायन लेडी नीरू आनंद की अध्यक्षता में कुष्ठ आश्रम, टांडा रोड में चाय, पकौडा, समोसा आदि का लंगर लगाया। इस प्रोजेक्ट में अमृतपाल सिंह (यु.एस.ऐ) ने अपने स्वर्गीय पिता रघुबीर सिंह की याद में सहयोग किया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रमोद आनंद, फर्स्ट लायन लेडी नीरू आनंद, लायन रविंदर सिंह स्वीटी, सचिव लायन करण सेठी, लायन विराज शर्मा, चार्टर प्रेसिडेंट लायन एच.एस. गिल, रणजोध सिंह व् मोहित शर्मा उपस्थित थे।

जी-20 ऊर्जा कार्यसमूह: मुख्य बातें

दिल्ली (ब्यूरो) :- बेंगलुरु में ऊर्जा के हरित स्रोतों को अपनाने से जुड़ी कार्यसमूह की पहली बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 18 सदस्य देशों, 9 विशेष आमंत्रित देशों और 15 अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के 110 से अधिक प्रतिनिधियों ने इस पहली बैठक में भाग लिया। अध्यक्ष के रूप में भारत ने ऊर्जा के हरित स्रोतों को अपनाने से जुड़ी अपनी उपलब्धियों और भारत सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों, जैसे सौभाग्य, उज्ज्वला और उजाला योजनाओं के माध्यम से देशवासियों को स्वच्छ ऊर्जा तक सार्वभौमिक पहुंच प्रदान करने संबंधी अपनी सफलता पर प्रकाश डाला। लाइफ अभियान (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) के माध्यम से मांग और जिम्मेदारीपूर्ण खपत को बढ़ावा देने के भारत के आह्वान को सभी भाग लेने वाले देशों का पूर्ण समर्थन मिला। अध्यक्ष के रूप में भारत द्वारा प्रस्तावित छह प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को सदस्य देशों से भी काफी समर्थन मिला, जिनमें शामिल हैं- (i) तकनीकी कमियों को दूर करके ऊर्जा के हरित स्रोतों को अपनाना (II) ऊर्जा के हरित स्रोतों को अपनाने के लिए कम लागत वाला वित्तपोषण (III) ऊर्जा सुरक्षा और विविध आपूर्ति श्रृंखलाएं (IV) ऊर्जा दक्षता, औद्योगिक कम कार्बन के लिए बदलाव और जिम्मेदारीपूर्ण खपत, (V) भविष्य के ईंधन: हरित हाइड्रोजन और जैव-ईंधन तथा (VI) स्वच्छ ऊर्जा तक सार्वभौमिक पहुंच और ऊर्जा के हरित स्रोतों को अपनाने से जुड़ा न्यायपूर्ण, किफायती और समावेशी मार्ग। दक्षता को बढ़ाना और इलेक्ट्रोलाइज़र, फ्यूल सेल, कार्बन अवशोषण उपयोग और भंडारण (सीसीयूएस) की लागत को कम करना, बैटरी भंडारण के लिए उन्नत रसायन सेल और छोटे मॉड्यूलेटर परमाणु रिएक्ट आदि की भी अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में पहचान की गयी। वैश्विक स्तर पर ऊर्जा के हरित स्रोतों को अपनाने से जुड़े ऊर्जा सुरक्षा के महत्व पर विचार-विमर्श हुआ। यह स्वीकार किया गया कि ऊर्जा के हरित स्रोतों को अपनाने के क्रम में प्रत्येक देश का अपने यहां उपलब्ध ऊर्जा के स्त्रोतों पर आधारित ऊर्जा के क्षेत्र में बदलाव को अपनाने का अपना एक मार्ग होगा। भविष्य में नेट-जीरो के लक्ष्य को हासिल करने के लिए, 2021 के 29 प्रतिशत की तुलना में 2050 में दुनिया की 90 प्रतिशत बिजली नवीकरणीय स्रोतों से आनी चाहिए। वैश्विक सौर और पवन क्षमताओं को गुणात्मक रूप से बढ़ाने की आवश्यकता है। अनुमान है कि 2020 और 2050 के बीच केवल सौर क्षमता ही 17 गुनी बढ़ेगी। 2050 तक, विश्व स्तर पर बिजली क्षेत्र में वार्षिक बैटरी उपयोग को 300जीडब्ल्यू से अधिक बढ़ना होगा, यानी, 2021 में बैटरी आवश्यकता से 51 गुना अधिक। इसी तरह, हरित हाइड्रोजन के लिए भी गुणात्मक वृद्धि का अनुमान लगाया गया है, जहां 2030 तक इलेक्ट्रोलाइज़र क्षमता (~850 जीडब्ल्यू) की 129 प्रतिशत की वार्षिक चक्रवृद्धि दर की आवश्यकता है। एक प्रमुख चुनौती के रूप में आपूर्ति श्रृंखलाओं में विविधता लाने की तत्काल आवश्यकता की पहचान की गयी, क्योंकि दुनिया नवीकरणीय उर्जा क्षमताओं के निर्माण में वृद्धि कर रही है। एक विश्लेषण से पता चलता है कि वर्ष 2022 में, प्रमुख प्रौद्योगिकियों- सौर पीवी मॉड्यूल (~ 480 जीडब्ल्यू), पवन (~120 जीडब्ल्यू), लिथियम-आयन बैटरी (1000 जीडब्ल्यूएच), और 50% से अधिक इलेक्ट्रोलाइज़र (8 जीडब्ल्यू प्रतिवर्ष)- की 80 प्रतिशत से अधिक विनिर्माण क्षमता केवल तीन देशों में केंद्रित हैं। उदाहरण के लिए, पिछले दशक में, सौर पीवी सामग्री के वैश्विक व्यापार का 70 प्रतिशत हिस्सा, केवल पांच देशों से है, जबकि पवन ऊर्जा के क्षेत्र के कुल व्यापार का 80 प्रतिशत हिस्सा केवल चार निर्यातक देशों के पास है। लिथियम-आयन बैटरी (एलआईबी) का निर्माण भी कुछ देशों में ही केंद्रित है। कुल व्यापार में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी, केवल चार देशों की है। इस बात को ध्यान में रखते हुए कि वर्तमान में आरई विनिर्माण अत्यधिक केन्द्रित है और व्यापार प्रवाह, ऊर्जा सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा करता है, सदस्य देशों ने स्थानीय विनिर्माण पर ध्यान केंद्रित करते हुए निर्माण क्षमता को बढ़ाने और नई ऊर्जा प्रणाली की प्रमुख सामग्रियों, महत्वपूर्ण खनिजों और कल-पुर्जों के लिए आपूर्ति श्रृंखलाओं के विविधीकरण की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश डाला। हरित हाइड्रोजन/अमोनिया को बढ़ावा देने को अत्यधिक समर्थन मिला। कुछ सदस्यों ने, इसके अलावा, कम-कार्बन हाइड्रोजन प्रौद्योगिकियों की पूरी श्रृंखला पर विचार करने का  प्रस्ताव दिया। वित्तपोषण की लागत को कम करने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के वित्त के साथ-साथ निजी क्षेत्र द्वारा वित्तपोषण की आवश्यकता पर सुझाव दिए गए। आमंत्रित देशों ने वैश्विक दक्षिण के देशों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखने पर विचार साझा किए। उन्होंने इन प्रौद्योगिकियों में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए सरकारों को स्पष्ट दीर्घकालिक रूपरेखा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। सदस्य देशों ने कम-कार्बन वाली अर्थव्यवस्थाओं के लिए ऊर्जा दक्षता को "फर्स्ट फ्यूल" के रूप में मान्यता दी और उनके द्वारा लागू की गयी विभिन्न राष्ट्रीय नीतियों पर प्रकाश डाला। ये 2030 तक ऊर्जा दक्षता में सुधार की वैश्विक दर को दोगुना करने के बारे में रोडमैप के अपेक्षित परिणाम के लिए क्रमिक आवश्यकताओं पर अच्छी अंतर्दृष्टि प्रदान करते हैं। हरित विकास और हरित रोजगार को बढ़ावा देने के साधन के रूप में उद्योग और परिवहन के विद्युतीकरण के महत्व पर जोर दिया गया। आईईए की रिपोर्ट के अनुसार, कोविड संकट के दौरान दुनिया में 75 मिलियन लोग सामर्थ्य में कमी के कारण बिजली की सुविधा से वंचित हो गए। विश्व स्तर पर लगभग 2.4 बिलियन लोग स्वच्छ खाना पकाने की प्रौद्योगिकियों और स्वच्छ ईंधन की सुविधा से वंचित हैं, संभावना है कि अतिरिक्त 100 मिलियन लोग भी, जिनकी स्वच्छ ईंधन तक पहुंच है, इस सुविधा से वंचित हो जायेंगे। सदस्य देशों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि ऊर्जा के हरित स्रोतों को अपनाने के लिए सभी एसडीजी में न्यूनतम व्यापार-बदलाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि कोई पीछे न रह जाए। कुछ सदस्य देशों ने ऊर्जा सुरक्षा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए; बदलाव के दौर में प्राकृतिक गैस की जीवाश्म ईंधन के रूप में पहचान किए जाने की आवश्यकता को रेखांकित किया। समूह ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को अपनाने के दौर में; इथेनॉल, संपीडित बायोगैस, हरित हाइड्रोजन जैसी ईंधन की एक विस्तृत श्रृंखला भविष्य के ईंधन के रूप में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

लायंस क्लब जालंधर ने एक जरूरतमंद परिवार को लड़की की शादी के लिए सामान भेंट किया

जालंधर (अरोड़ा) :- लायंस क्लब जालंधर ने प्रधान सुरेंद्र कौर चौधरी की प्रेरणा से सचिव अश्विनी मल्होत्रा व प्रोजेक्ट डायरेक्टर पूर्व प्रधान के ऐल साहनी की रहनुमाई सेवा के प्रोजेक्टों की लड़ी को आगे बढ़ाते हूए लाजपत नगर स्थित लायंस भवन में एक आर्थिक रूप से कमजोर  परिवार कन्या को गृहस्थ जीवन  के लिए जरूरत का सामान दिया है ।जिस में  सिलाई मशीन,टेबल फैन, रज़ाई, कपड़े, राशन, बर्तन आदि शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट के मुख्य मेहमान लांयन मितुल चोपड़ा थे, उन्होने कहा कि यह क्लब सुरेंद्र कौर चौधरी की अगुवाई व  प्रसिद्ध समाज सेवक के ऐल साहनी की प्रेरणा व कोशिशों से लगातार सेवा के कार्य कर रहा है, जैसे कि  जरूरतमंद लड़कियों की शादी का सामान, जरूरतमंद परिवारों को राशन व कालेज के बच्चों को छात्रवृत्ति बगैरह पिछले 50 वर्ष से देता आ रहा है। इस दौरान सभी सदस्यों ने कन्या को सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।सचिव मल्होत्रा ने मुख्य मेहमान, पूर्व प्रधान के एल साहनी व सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। इस मौके पर  सचिव अश्विनी मल्होत्रा, कोषाध्यक्ष अरुण वशिष्ट,मीडिया कोआर्डिनेटर जगन नाथ सैनी, लांयन ऐ के बहल, हर्षवर्धन शर्मा, खुशपाल सिंह, डाक्टर अमरजीत सैनी व अन्य सदस्य उपस्थित थे।

पंजाब की कानून व्यवस्था के लिए घातक मान सरकार: जयवीर शेरगिल

कानून व्यवस्था को कॉमेडी शो की तरह ले रही सरकार : भाजपा

जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा राज्य में कानून व्यवस्था में सुधार को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने मान को खुलेआम बोले गए उनके झूठ के लिए फटकार लगाई है। यहां जारी एक बयान में शेरगिल ने कहा कि यह शर्मनाक है कि आप सरकार के सत्ता में आने के बाद से पंजाब में बड़ी संख्या में अपराधिक घटनाओं के बावजूद मान झूठे दावे कर रहे हैं। शेरगिल ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह वास्तव में चौंकाने वाला है कि प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, मुक्तसर जिले के रहने वाले 20 वर्षीय युवक हरमनदीप सिंह की फिरौती को लेकर हत्या, मशहूर कबड्डी के खिलाड़ियों  (संदीप सिंह "नंगल अंबियाँ" और धर्मिंदर सिंह) की हत्या, पटियाला में चलती कार में 11 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार, जालंधर में नशा विरोधी वर्कर राम गोपाल की हत्या, नकोदर (जालंधर) में पुलिस कांस्टेबल मनदीप सिंह की गोलीबारी में हत्या, पुलिस प्रतिष्ठानों पर दो अलग-अलग आरपीजी हमलों के अलावा अन्य कई अपराधिक घटनाओं के बावजूद मान यह दावा कर रहे हैं कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है। शेरगिल ने सीमावर्ती राज्य पंजाब में कानून व्यवस्था की बुरी तरह से विफलता के लिए राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इससे स्पष्ट हो जाता है कि पंजाब और पंजाबी आप सरकार के शासनकाल में सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा प्रवक्ता ने राज्य में व्याप्त अराजकता पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने आप सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि यह पंजाब के लोगों व उनकी संपत्ति की रक्षा करने में पूरी तरह से मान की नाकाबिलियत को दर्शाता है, जिनके पास गृह विभाग का जिम्मा भी है। शेरगिल ने यह भी कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि साढ़े आठ महीने बीत जाने के बाद भी सिद्धू मूसेवाला के पिता न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन सरकार हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पकड़ने में विफल रही है।  शेरगिल ने कहा कि आप सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।  जिसके कार्यकाल के सिर्फ 11 महीनों में ही कानून व्यवस्था इतनी बदतर हालत में पहुंच चुकी है कि आए दिन हत्याएं हो रही है। उन्होंने कहा कि मान को यह नहीं भूलना चाहिए कि आप के पहले 21 दिनों के शासन में राज्य में 19 हत्याएं हुई थीं।  इससे ऐसा प्रतीत होता है कि यहां कानून का शासन नहीं है, बल्कि आप के शासनकाल में जंगलराज और अराजकता कायम हो चुके हैं। शेरगिल ने मान पर चुटकी लेते हुए कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री की पत्नी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मीडिया की खबरों के अनुसार, अब राज्य में जिलों के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी के साथ 40 पुलिस कर्मी तैनात होंगे, जो मान के इस दावे को पूरी तरह से झुठलाता है कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कि मान साहब–पंजाब यह बदलाव पंजाब नहीं चाहता था। आम आदमी पार्टी के शासन में गैंगस्टर/अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के बजाय मान अपने आका अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए राज्य के संसाधनों का दोहन कर दिल्ली दरबार को खुश करने में लगे हुए हैं। शेरगिल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के शासन में पंजाब की शांति को खतरे में है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता कानून व्यवस्था बनाए रखना और पंजाब के लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना होनी चाहिए।

पंजाब में रेल विकास के लिए 29 स्टेशनों का विश्व स्तरीय आधुनिकीकरण किया जायेगा : केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश

2009 की तुलना में 21 गुना बढ़ा पंजाब का रेल बजट

पंजाब में वर्तमान में 24,427 करोड़ की 1788 किलोमीटर 16 परियोजनाओं पर काम जारी: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री

अमृतसर कोलकात्ता औद्योगिक कॉरिडोर के तहत पंजाब के राजपुरा/ पटियाला में एकीकृत विनिर्माण कलस्टर का किया जायेगा विकास

जालंधर (अरोड़ा) :- केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने केंद्रीय बजट 2023-24 में पंजाब में रेल परियोजनाओं के लिए 4 हजार 762 करोड़ रुपए का प्रावधान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव का आभार प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में दिल्ली से अमृतसर के बीच वन्दे भारत एक्सप्रैस रेलगाड़ी चलाई जाएगी| उन्होंने बताया कि पंजाब के 15 स्टेशनों पर 'एक स्टेशन एक उत्पाद' लगाने की  योजना बनाई गई है| आम बजट पर चर्चा के लिए जालंधर में आज आयोजित एक प्रैस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए सोम प्रकाश ने बताया कि वर्तमान समय 24,427 करोड़ रुपए की लागत  से 16 प्रोजेक्टों पर पंजाब में काम चल रहा है| उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत राज्य के 29  रेलवे स्टेशनों  को विश्व स्तरीय स्टेशन के तौर पर विकसित  किया जायेगा| जिसके तहत जालंधर कैंट के रेलवे स्टेशन के लिए 99 करोड़ और लुधियाना के स्टेशन के लिए 460 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है| 2014 से लेकर अब तक 350 रेलवे फ्लाईओवर एवं अंडरब्रिज का निर्माण किया गया है| उन्होंने कहा कि मोदी सरकार उद्योगों के विकास के लिए वचनबद्ध है| इसी कड़ी में अमृतसर कोलकात्ता कॉरिडोर के तहत पंजाब के राजपुरा में लगभग 1100 एकड़ जमीन पर एकीकृत विनिर्माण कलस्टर का विकास किया जायेगा|  केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने बताया कि पंजाब में गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 19.81 मीट्रिक टन अनाज  का आवंटन किया गया है| पंजाब में दिसंबर 2022  तक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत 2014 से 5.34 लाख शौचालयों का निर्माण किया गया है, जिसमें केंद्र  द्वारा 664.05  करोड़ रुपए प्रदान किये गए हैं | जबकि स्वच्छ भारत मिशन शहरी के तहत 1.03  शौचालयों का  निर्माण किया गया है| पीएम स्वै निधि के तहत 55 .92 करोड़ रुपए के ऋण 42 हजार 162 लाभार्थियों  को प्रदान किये गए हैं| पंजाब में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 12 .84  लाख एलपीजी के कनैक्शन वितरित किये गए हैं| केंद्रीय राज्य मंत्री ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को स्वच्छ पीने योग्य पानी उपलब्ध करवाना सरकार कि प्राथमिकता है और जल जीवन मिशन के तहत पंजाब में 2019 से 17.45  लाख परिवारों को नल से जल के कनैक्शन प्रदान किए गए हैं| किसानों के कल्याण से जुड़े एक सवाल पर सोम प्रकाश ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 3998 करोड़ रुपए पंजाब के 23 लाख 4 हजार किसानों के खाते में जा चुके हैं| इस तरह  पंजाब के कुल  98.36 प्रतिशत किसानों को योजना का लाभ मिल चुका  है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर ये 96 प्रतिशत है| केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने बताया कि राज मार्गों के विकास के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध है| पंजाब में लगभग 460.42 किलोमीटर राजमार्ग पर काम चल रहा है जिसके लिए 29 हजार 627 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है| भारत की औद्योगिक नीति को देखते हुए विदेशी निवेश के लिए भारत एक उपयुक्त स्थान बनता जा रहा है| सोम प्रकाश ने कहा कि 2014 के बाद प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो गई है और दुनिया में खराब अर्थ व्यवस्था के बावजूद आज भारत आर्थिक क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है| उन्होंने कहा कि इंग्लैंड जैसे देश को पीछे छोड़ कर भारत अर्थ व्यवस्था में पांचवे नंबर पर पहुंच गया है| उन्होंने कहा कि स्टार्टअप योजना के तहत रोज़ाना 80 स्टार्टअप पंजीकृत हो रहे हैं और देश में 90 हजार से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं|

पी सी सी टी यू के एच.एम.वी यूनिट ने दो घंटे का धरना दिया

जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब सरकार की ओर से सेवानिवृत की उम्र 60 साल से घटाकर 58 साल करने के तानाशाही फैंसले के खिलाफ़ पी सी सी टी यू के आह्वान पर समूह कालेज स्टाफ की ओर से दो घंटे की हड़ताल एवम गेट धरना दिया गया। इस हड़ताल को मैनेजमेंट एसोसिएशन एवम प्रिंसिपल एसोसिएशन का भी समर्थन प्राप्त है। एच एम वी यूनिट की प्रधान डा अशमीन कौर ने कहा कि पंजाब सरकार का फैंसला अध्यापक वर्ग तथा शिक्षा विरोधी है। इससे अध्यापक वर्ग को तो परेशानी होगी ही, साथ में स्टूडेंट को भी तजुर्बेकार अध्यापक न मिलने से उनका भी नुकसान होगा। डा अशमीन कौर ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में, खासकर अध्यापक वर्ग में इससे भरी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जायेगी तब तक यह विरोध ऐसे ही जारी रहेगा। यूनिट सचिव डा शालू बत्रा ने कहा कि हमारे यूनियन के लीडर मांगें पूरी करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं, मगर किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, क्योंकि सरकार शिक्षा विरोधी रवैया अपनाए हुए है।

भारतीय नौसेना ने 69वीं इंटर सर्विसेज हॉकी चैंपियनशिप जीती

जालंधर (अरोड़ा) :- 69वीं इंटर-सर्विसेज हॉकी चैंपियनशिप 2022-23 का फाइनल 10 फरवरी 2023 को एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड, कटोच स्टेडियम में आयोजित किया गया था।  बेहद रोमांचक फाइनल में भारतीय नौसेना की टीम ने इंडियन आर्मी रेड टीम को 5-3 से हराया। नेवी टीम के लिए जुगराज सिंह ने 02 गोल किए। लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा, एवीएसएम, एसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, वज्र कोर ने विजेताओं को भव्य ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर बोलते हुए, उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई दी।

उन्होंने खिलाड़ियों को भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए चुने जाने के लिए कड़ी मेहनत करने और दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतकर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच राजिंदर सिंह और टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता रूपिंदर पाल सिंह और हार्दिक सिंह ने भी फाइनल मैच देखा। चैंपियनशिप 07 फरवरी से 10 फरवरी 2023 तक खेली गई जिसमें इंडियन आर्मी रेड, इंडियन आर्मी ग्रीन, इंडियन नेवी और इंडियन एयरफोर्स ने हिस्सा लिया।

लतीफपुरा मामला : कमेटी ने पुनर्वास के लिए मांगी परिवारों की जानकारी

इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष ने नए स्थान पर पुनर्वास का दिया आश्वासन

पुनर्वास संयुक्त मोर्चा के सदस्यों के साथ बैठक में विस्तृत विचार

जालंधर (अरोड़ा) :- लतीफपुरा मामले को लेकर आज इंप्रूवमेंट ट्रस्ट व जिला प्रशासन ने लतीफपुरा पुनर्वास संयुक्त मोर्चा के सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक की, जिसमें ट्रस्ट के अध्यक्ष जगतार सिंह संघेडा ने कहा कि इन परिवारों की जानकारी समिति को दी जाए ताकि वैकल्पिक स्थान पर उनके पुनर्वास की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके और कम से कम समय में पूरी की जा सके। लतीफपुरा मामले में स्थानीय निकाय विभाग के सचिव द्वारा गठित कमेटी ने मोर्चा के सदस्यों से इन परिवारों की सूची जल्द जिला प्रशासन को देने का आग्रह किया है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। इस समिति का नेतृत्व कर रहे डिप्टी कमिश्नर जसप्रीत सिंह ने मोर्चा के सदस्यों से दोनों पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे पर सावधानीपूर्वक विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि इन परिवारों का पुनर्वास किया जाएगा। करीब ढाई घंटे तक चली बैठक के दौरान चेयरमैन जगतार सिंह संघेडा, डिप्टी कमिश्नर विधायक शीतल अंगुराल, विधायक रमन अरोड़ा, पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल, पंजाब स्टेट कंटेनर एंड वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की चेयरपर्सन राजविंदर कौर थियाडा की मौजूदगी में हुई बैठक में मोर्चे के सदस्यों के साथ इन परिवारों के पुनर्वास के लिए विस्तृत विचार किया गया। जगतार सिंह संघेडा ने इस अवसर पर कहा कि ट्रस्ट वैकल्पिक स्थान पर परिवारों को बसाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इन परिवारों की सूची जल्द जिला प्रशासन को सौंपी जाए ताकि डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता वाली कमेटी द्वारा आगे की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने मोर्चा के सदस्यों से वैकल्पिक स्थान पर पुनर्वास पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया। विधायक शीतल अंगुराल, रमन अरोड़ा और अध्यक्ष राजविंदर कौर थियाडा ने मोर्चा के सदस्यों से अपील की कि राज्य सरकार इन परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए जिला प्रशासन को आवश्यक जानकारी दी जाए और इस कार्य को अंजाम दिया जाए।मोर्चे के सदस्यों का नेतृत्व जसकरन सिंह कहानसिंह वाला, कश्मीर सिंह घुगशोर सहित अन्य सदस्य कर रहे थे। कैप्शन- डिप्टी कमिश्नर जसप्रीत सिंह, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष जगतार सिंह संघेडा, विधायक शीतल अंगुराल, विधायक रमन अरोड़ा, अध्यक्ष राजविंदर कौर थियाडा, पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल लतीफपुरा मामले पर मोर्चे के सदस्यों से चर्चा करते हुए।

अलायंस क्लब जालंधर समर्पण ने पहला कदम फ्री स्कूल में टेबल कुर्सियां और फर्नीचर भेंट किया

जालंधर (अरोड़ा) :- अलायंस क्लब जालंधर समर्पण ने प्रधान संजीव  गंभीर के मार्गदर्शन पर  सेवा के प्रकल्पों की लड़ी को आगे बढ़ाते हुए सचिव लोकेश बजाज और डिस्ट्रिक्ट कोहिनूर व संस्थापक जीडी कुंद्रा की अगुवाई में पहला कदम फ्री स्कूल न्यू रत्न नगर में फर्नीचर, टेबल व कुर्सियां भेंट किए। कुन्द्रा जी ने कहा कि अलायंस क्लब जालंधर समर्पण प्रधान संजीव गंभीर की अगुवाई में समाज व मानवता की सेवा के लिए लगातार कार्य कर रहा है और आज स्लम ऐरिया के फ्री स्कूल में  फर्नीचर देना भी सराहनीय कार्य है। इस मौके पर सचिव लोकेश बजाज, इंटरनेशनल चेयरपर्सन एन के महेंद्रू, जै देव मल्होत्रा,हर्षवर्धन शर्मा, गुलजारी लाल गुप्ता, प्रदीप शर्मा, नरेंद्र शर्मा, गोपाल कृष्ण, जे के भाटिया, स्कूल टीचर और बच्चे उपस्थित थे।

गुजरात में कच्छ के रण में प्रथम जी-20 पर्यटन कार्य समूह बैठक के उद्घाटन सत्र का आयोजन किया गया \ 2022 में 61.9 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए: जी. किशन रेड्डी

पर्यटन को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए हम इस वर्ष विजिट इंडिया 2023 मना रहे हैं: जी किशन रेड्डी

भारत में पर्यटन क्षेत्र एक महत्वपूर्ण आर्थिक गुणक है और यह तेजी से आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण बनता जा रहा है: पुरुषोत्तम रूपाला

पर्यटन एक ऐसी विधा है जिसके माध्यम से हम अपने पूर्वजों के माध्यम से हमें मिली उस विरासत और संस्कृति को महसूस और अनुभव कर सकते हैं; इस प्रकार यह हमें विविधता में एकता की ओर ले जाती है: भूपेंद्र भाई पटेल

दिल्ली (JJS) :- प्रमुख विशेषताएं:

• मुख्य समारोह में केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति और डोनर मंत्री जी. किशन रेड्डी; केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल उपस्थित रहे।

• भारत ने पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगभग 1 अरब डॉलर (7,000 करोड़ रुपये) के व्यापक पर्यटन बुनियादी ढांचे का निर्माण किया है: श्री जी.के. रेड्डी

• मिशन मोड में पर्यटन क्षेत्र का डिजिटलीकरण सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय डिजिटल पर्यटन मिशन (एनडीटीएम) तैयार किया जा रहा है: जी.के. रेड्डी

 

पर्यटन मंत्रालय की मेजबानी में जी20 के अंतर्गत पर्यटन कार्य समूह की प्रथम बैठक का उद्घाटन सत्र आज सुबह गुजरात में कच्छ के रण में आयोजित किया गया। उद्घाटन सत्र को केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति और डोनर मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल के अलावा ट्रोकिया, ब्राजील और इंडोनेशिया के प्रतिनिधियों द्वारा संबोधित किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और डोनर मंत्री जी.के. रेड्डी ने कहा कि कोविड से पर्यटन क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित होने के बावजूद, भारत 2022 में विदेशी पर्यटकों के आगमन में भारी वृद्धि का साक्षी बना और 2022 के दौरान भारत में लगभग 6.19 मिलियन विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ। यह पिछले वर्ष की तुलना में विदेशी पर्यटकों के आगमन की संख्या में चार गुना वृद्धि है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि पर्यटन मंत्रालय इस वर्ष को भारत की यात्रा पर ध्यान केंद्रित करते हुए "विजिट इंडिया ईयर 2023" के रूप में मना रहा है। मंत्री महोदय ने कहा कि भारत में पर्यटक आनंदमय आध्यात्मिक अनुभव; प्रचुर वन्य जीव संसाधनों और सुंदर प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ असीम सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर सकते हैं। अधिक जानकारी देते हुए, जी.के.रेड्डी ने कहा कि पिछले 8.5 वर्षों में, भारत ने पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगभग 1 बिलियन डॉलर (7,000 करोड़ रुपये) के व्यापक पर्यटन बुनियादी ढांचे का निर्माण किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ने युवाओं को कुशल बनाने के लिए लघु अवधि के आतिथ्य पाठ्यक्रम, कौशल परीक्षण और प्रमाणन, पूर्व शिक्षण की मान्यता, ऑनलाइन डिजिटल पाठ्यक्रमों सहित कई पहल की हैं। उन्होंने कहा कि भारत समूचे देश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में युवा पर्यटन क्लबों के माध्यम से भारतीय पर्यटन के युवा राजदूतों का पोषण और विकास कर रहा है। सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार भारत में यात्रा करने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और बेहतरी सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है तथा पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए यूनिफार्म टूरिस्ट पुलिस को तैयार और कार्यान्वित कर रही है। जी.के रेड्डी ने कहा कि भारत शीर्ष 20 स्रोत देशों के विदेश स्थित भारतीय मिशनों में नोडल अधिकारी नियुक्त कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मिशन मोड में पर्यटन क्षेत्र के डिजिटलीकरण को सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय डिजिटल पर्यटन मिशन (एनडीटीएम) तैयार किया जा रहा है और भारत ने पहचान के लिए आधार तथा रीयल-टाइम भुगतान के लिए यूपीआई जैसे बड़े पैमाने पर डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण किया है। केंद्रीय मंत्री परषोत्तमरूपाला ने कहा कि भारत की जी20 अध्यक्षता का विषय- "वसुधैव कुटुम्बकम"-मानव, पशु, पौधे और सूक्ष्मजीव- सभी के लिए जीवन का मूल्य और धरती पर उनकी परस्पर संबद्धता की पुष्टि करता है। जी20 में पर्यटन कार्यकारी समूह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इसका शुभारंभ सऊदी अरब की अध्यक्षता में 2020 में हुआ था और तब से इसने पर्यटन के लिए सदस्य देशों और हितधारकों को विचार-विमर्श एवं मार्गदर्शन करने के लिए स्थानीय और वैश्विक पर्यटन के भविष्यगत विकास के लिए कार्रवाई के पाठ्यक्रम पर एक विशेष मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि भारत में पर्यटन क्षेत्र एक महत्वपूर्ण आर्थिक गुणक है और यह तेजी से महत्वपूर्ण होता जा रहा है क्योंकि देश तेजी से आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए प्रयासरत है। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि पर्यटन कार्य समूह ने पर्यटन के पारंपरिक परिप्रेक्ष्य को उत्तरदायी, सतत और समावेशी पर्यटन के रूप में बदल दिया है। पर्यटन कार्य समूह की स्थापना के बाद से विभिन्न प्रेसीडेंसी ने पर्यटन को सतत विकास लक्ष्यों 2030 को प्राप्त करने के लिए एक महत्वपूर्ण साधन बनाने में योगदान दिया है। इस अवसर पर अपने संबोधन में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने कहा कि पर्यटन हमें प्रकृति के करीब लाता है। पर्यटन एक ऐसी विधा है जिसके माध्यम से हम उस विरासत और संस्कृति को महसूस एवं अनुभव कर सकते हैं जो हमें हमारे पूर्वजों से मिली है, इस प्रकार यह विविधता में एकता की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि विश्व में भारत की पर्यटन गतिविधियों की अपार विविधता का पूरी तरह से उपयोग करने के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इस वर्ष के अमृत बजट में पर्यटन विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने गुजरात राज्य की विशाल और विविध पर्यटन क्षमता का भी उल्लेख किया। कार्य सत्र में, सतत, जिम्मेदार और लचीले पर्यटन क्षेत्र के लिए पर्यटन क्षेत्र की क्षमता; पर्यटन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धात्मकता, समावेशन और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए डिजिटलीकरण की शक्ति का उपयोग; पर्यटन क्षेत्र में रोजगारों और उद्यमिता के लिए कौशल के साथ युवाओं को सशक्त बनाना; पर्यटन क्षेत्र में नवाचार और गतिशीलता लाने के लिए पर्यटन एमएसएमई/स्टार्टअप/निजी क्षेत्र को बढ़ावा देना; एसडीजी को पूरा करने वाले समग्र दृष्टिकोण की दिशा में गंतव्यों के रणनीतिक प्रबंधन पर पुनर्विचार करने पर चर्चा हुई। प्रतिनिधि 7 फरवरी को धोरडो पहुंचे, जहां उनका स्वागत गर्मजोशी और रंगारंग एवं पारंपरिक तरीके से किया गया। इस आतिथ्य में टेंट सिटी, धोरडो, कच्छ के रण में लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां शामिल थीं। बाद में शाम को, प्रतिनिधियों को पूरे मार्ग में जीवंत लोक संगीत और नृत्य प्रदर्शन के साथ खूबसूरती से सजाई गईं ऊंट गाड़ियों में सफेद रण में ले जाया गया। प्रतिनिधियों ने सुंदर सूर्यास्त का आनंद लिया और जी20 लोगो के साथ फोटोग्राफ भी खींचे। रात्रिभोज से पहले एक सांस्कृतिक रात्रि का आयोजन किया गया जिसमें कलाकारों द्वारा लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए।

 

सम्बंधित लिंक्स : https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1897070

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1896741

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1896097

1 2 3 4 5
  • About Us

    Religious and Educational Newspaper of Jalandhar which is owned by Sarv Sanjha Ruhani Mission (Regd.) Jalandhar