शुभ-आगमन 2026 : डी.ए.वी. कॉलेज जालंधर में स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग के नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत

जालंधर (अरोड़ा) :- डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर के स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग की ‘कौटिल्य सोसाइटी ऑफ इकोनॉमिक्स’ द्वारा बी.एससी. प्रथम वर्ष, बी.ए. प्रथम वर्ष (अर्थशास्त्र विषय सहित) तथा एम.ए. प्रथम वर्ष के नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत हेतु ‘शुभ-आगमन 2026’ नामक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। मंच का संचालन सलोनी कंबोज, अंकुर अरोड़ा, जपजी कौर तथा मोनिका प्रमाणिक ने किया। समारोह में वरिष्ठ उप-प्राचार्य डॉ. कुँवर राजीव तथा उप-प्राचार्य प्रो. सोनिका दानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों, विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार खुराना, ‘कौटिल्य सोसाइटी ऑफ इकोनॉमिक्स’ की प्रभारी प्रो. डॉ. सीमा तथा विभाग के अन्य प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात् डी.ए.वी. परिवार की परंपरा के अनुरूप डी.ए.वी. गान प्रस्तुत किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार खुराना ने विद्यार्थियों को विभाग के गौरवशाली इतिहास से परिचित करवाया तथा अर्थशास्त्र के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने महाविद्यालय के सौहार्दपूर्ण वातावरण में नवागंतुक विद्यार्थियों का हृदय से स्वागत करते हुए उन्हें डी.ए.वी. परिवार का अभिन्न अंग बनने पर बधाई दी। उन्होंने विभाग की विभिन्न उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों में निहित प्रतिभा को पहचानने, उसे निखारने तथा उचित मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत्त है। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन के लिए ‘कौटिल्य सोसाइटी ऑफ इकोनॉमिक्स’ की प्रभारी प्रो. डॉ. सीमा के प्रयासों की सराहना की। वरिष्ठ उप-प्राचार्य डॉ. कुँवर राजीव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव एवं प्रेरणादायी विचार सांझा किए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा जीवन में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने की कामना की। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें आत्मविश्वास बनाए रखने, अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा स्वयं के प्रति ईमानदार रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सफलता का सूत्र बताते हुए कहा, “किस्मत के बजाय कर्मों पर विश्वास करें, क्योंकि कड़ी मेहनत ही किस्मत तय करती है। इसलिए अपनी किस्मत पर निर्भर रहने के बजाय अपने कर्मों पर ध्यान दें।” उन्होंने विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग तथा निरंतर परिश्रम के महत्व से भी अवगत कराया। इस अवसर पर विभाग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को वरिष्ठ उप-प्राचार्य डॉ. कुँवर राजीव, उप-प्राचार्य प्रो. सोनिका दानिया, डॉ. सुरेश कुमार खुराना तथा डॉ. सीमा द्वारा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुरेश कुमार खुराना द्वारा ‘नीलम घर’ नामक एक रोचक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और पुरस्कार प्राप्त किए। समारोह को और अधिक आकर्षक एवं उल्लासपूर्ण बनाने के लिए भांगड़ा, मुक्त शैली नृत्य, एकल नृत्य, समूह नृत्य, कविता-पाठ तथा गायन सहित अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। अर्थशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों ने नृत्य, मॉडलिंग आदि के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। एम.ए. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने कनिष्ठ विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। जपजी, मोनिका, हिताक्षी, सलोनी कंबोज, अंकुर अरोड़ा, हनी, सिमरन तथा अन्य विद्यार्थियों की नृत्य प्रस्तुतियों ने समारोह में विशेष रंग भर दिया। नवागंतुक विद्यार्थियों का रैंप वॉक समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। इस अवसर पर साहिल अरोड़ा को ‘मिस्टर फ्रेशर 2026’ तथा प्रो. मोनिका को ‘मिस फ्रेशर 2026’ चुना गया। समारोह के अंत में अर्थशास्त्र विभाग की ‘कौटिल्य सोसाइटी’ की प्रभारी प्रो. डॉ. सीमा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों तथा सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अतिथियों के लिए जलपान एवं भोजन की भी व्यवस्था की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ उप-प्राचार्य डॉ. कुँवर राजीव, उप-प्राचार्य प्रो. सोनिका दानिया, रजिस्ट्रार अशोक कपूर, प्रो. शरद मनोचा, डॉ. निश्चय बहल, डॉ. एस.जे. तलवार, डॉ. ऋतु तलवाड, प्रो. अनु गुप्ता, प्रो. तनु, प्रो. गीतिका, प्रो. श्वेता बंसल सहित अन्य प्राध्यापक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। डॉ. सुरेश कुमार खुराना ने समारोह को सफल बनाने में विशेष योगदान देने वाले केएसईयन सलोनी कंबोज, अंकुर अरोड़ा, अमनप्रीत कौर, उदित भल्ला, जपजी कौर, सिदकजोत कौर, गौरी शर्मा, मोनिका प्रमाणिक, पलवी, मनीषा कुमारी तथा अन्य विद्यार्थियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग देने के लिए सहयोगी कर्मचारियों राजन नैय्यर, जोगिंदर, रविंदर, कमलेश, टेक बहादुर तथा राजेश का भी धन्यवाद किया।

About newsadmin

Check Also

शिक्षा के क्षेत्र में ध्रुव तारे की तरह सदैव चमकता रहेगा स्वर्गीय शांता चोपड़ा का नाम

जालंधर (अजय छाबड़ा) :- सेंट सोल्जर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की संस्थापक स्वर्गीय शांता चोपड़ा जी …