जालंधर (कुलविंदर) :- दर्शन अकादमी, जालंधर में आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षा, पूर्व तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम (CBP) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश सिंह जी ने मुख्य वक्ताओं का पौधे भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य और स्रोत व्यक्तियों (Resource Persons) द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस कार्यशाला में कैम्ब्रिज इनोवेटिव जालंधर से हरदीप कौर अटवाल (PGT) और एम.जी.एन. पब्लिक स्कूल जालंधर से क्रांति पाल (PGT) ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। सत्र के दौरान क्रांति पाल ने आपदा प्रबंधन के चार मुख्य स्तंभों—न्यूनीकरण (Mitigation), तैयारी (Preparation), अनुक्रिया (Response) और पुनर्प्राप्ति (Recovery) पर विस्तार से प्रकाश डाला।


वहीं हरदीप कौर अटवाल ने विद्यालय समुदाय में सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों तथा स्कूल आपदा सुरक्षा को लागू करने के छह चरणों (6 Steps) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वीडियो के माध्यम से सी.पी.आर. (CPR) देने की सही तकनीक और गले में खाना या वस्तु अटकने (Choking) पर बच्चों की मदद करने के व्यावहारिक तरीके भी प्रदर्शित किए।कार्यक्रम में भूकंप, बाढ़, आग जैसी प्राकृतिक व मानव निर्मित आपदाओं से बचाव के लिए शांत रहने, सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, आपातकालीन निकास और सुरक्षित स्थानों के उपयोग की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों के लिए बुनियादी अग्निशमन सुरक्षा उपायों और निकासी प्रक्रियाओं पर एक व्यावहारिक प्रदर्शन तथा प्रश्नोत्तर सत्र (Q&A Session) भी आयोजित किया गया।प्रधानाचार्य दिनेश सिंह जी ने दोनों विषय विशेषज्ञों को इस ज्ञानवर्धक सत्र के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व तैयारी, सतर्कता और टीम वर्क ही आपदा के प्रभाव को कम कर सकते हैं। यह कार्यक्रम प्रतिभागियों में जिम्मेदारी, सतर्कता और आत्मविश्वास
बढ़ाने वाला सिद्ध हुआ।
Jiwanjot Savera