जालंधर (कुलविंदर) :- दर्शन अकादमी, जालंधर में दयाल पुरुष संत दर्शन सिंह जी महाराज के जन्म उत्सव के उपलक्ष्य में दर्शन वीक ऑफ लव एंड सर्विस (प्रेम और सेवा सप्ताह) अत्यधिक उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस विशेष सप्ताह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर सार्वभौमिक प्रेम, निस्वार्थ सेवा और आध्यात्मिक सद्भाव की भावना को जागृत करना था।सप्ताह के दौरान छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक और भक्तिमय गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसमें गज़ल गायन और कविता पाठ प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण रहीं। विद्यार्थियों ने संत दर्शन सिंह जी महाराज की गजलों और कविताओं को पूर्ण आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया।


इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने समाज को बिना किसी स्वार्थ और द्वेष के एक-दूसरे से प्रेम करने तथा असहायों की मदद करने का संदेश दिया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छात्रों द्वारा प्रस्तुत की गई आध्यात्मिक कव्वाली रही, जो संत दर्शन सिंह जी महाराज की गजलों पर आधारित थी। इस भक्तिमय प्रस्तुति ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से भर दिया। सेवा की सच्ची भावना को अपनाते हुए, छात्रों ने केवल विचारों तक सीमित न रहकर व्यावहारिक रूप में भी योगदान दिया। विद्यार्थी अपने घरों से सूखा राशन (अनाज, दालें आदि) लेकर आए और उसे जरूरतमंद लोगों में वितरित किया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने छात्रों के इस उत्साहजनक प्रयास की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा और प्रेम का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रधानाचार्य दिनेश सिंह जी ने महाराज जी के जन्म दिवस की विद्यालय परिवार को बधाई दी और उनके द्वारा दी गई शिक्षाओं को जीवन में अपने का संदेश दिया।
Jiwanjot Savera