अमृतसर (प्रदीप) :- बी बी के डी ए वी कॉलेज फॉर वुमेन, अमृतसर ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा संबोधित ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ में सहभागिता ली गई। इस संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री जी ने राष्ट्र को यह संदेश दिया कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का भी एक महत्वपूर्ण अंग हैं। इस अवसर को विशेष रूप से चिह्नित करने के लिए कॉलेज की प्रतिष्ठित खिलाड़ी एवं पूर्व छात्रा प्रियंका देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संवाद में भाग लिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा को पहचानने एवं उसे विकसित करने का अवसर प्रदान करता है।


साथ ही, खेल छात्राओं में खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों का विकास करते हैं। अपने संबोधन में कॉलेज की प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया ने कहा कि खेल व्यक्ति में केवल प्रतिस्पर्धा की भावना ही विकसित नहीं करते, बल्कि चरित्र निर्माण, दृढ़ता, आत्मविश्वास और शारीरिक एवं मानसिक शक्ति को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने छात्राओं को सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के साथ-साथ खेलों को भी अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. अनीता नरेंद्र, डॉ. स्वीटी बाला, लेफ्टिनेंट डॉ. अमनदीप कौर, डॉ. अंतरप्रीत कौर तथा नरेंद्र कुमार के साथ एनएसएस स्वयंसेवक एवं कॉलेज की खेल छात्राएँ उपस्थित रहे।
Jiwanjot Savera