जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब सरकार के उच्च शिक्षा विभाग तथा भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत चलाए जा रहे “नशा विरोधी राष्ट्रीय शपथ” अभियान के अंतर्गत डी.ए.वी. कॉलेज फगवाड़ा में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. किरणजीत रंधावा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशों की समस्या आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। युवा पीढ़ी को इस समस्या से बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना समय की मुख्य आवश्यकता है। इस दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों ने नशों से दूर रहने, अपने आसपास के लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इस अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर नशों के विरुद्ध जागरूकता पैदा करने के लिए विद्यार्थियों के साथ विचार-विमर्श भी किया गया। उन्हें स्वयं नशों से दूर रहने के साथ-साथ अपने साथियों और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि नशा मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अंत में प्रिंसिपल डॉ. रंधावा ने कहा कि ऐसी मुहिमों के माध्यम से युवाओं को सही दिशा देने और समाज में नशों के विरुद्ध जागरूकता की भावना को और मजबूत करने में सहायता मिलती है। इस अवसर पर कॉलेज का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Jiwanjot Savera