जालंधर (अरोड़ा) :- मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर कॉलेज का सत्र 2026-27 का नया प्रॉस्पेक्टस कुंदन लाल अग्रवाल (सदस्य, डी.ए.वी. सी.एम.सी.), डॉ. जगरूप सिंह (प्राचार्य, मेहर चंद पॉलिटेक्निक) तथा सभी विभागाध्यक्षों द्वारा संयुक्त रूप से जारी किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. जगरूप सिंह ने कहा कि यह प्रॉस्पेक्टस कॉलेज की “बाइबल” के समान है, क्योंकि इसमें विद्यार्थियों को कॉलेज की गतिविधियों, नियमों, प्रबंधन, विभिन्न विभागों की जानकारी, उपलब्धियों, पुरस्कारों, पाठ्यक्रमों, विज़न एवं मिशन, छात्रवृत्तियों, शैक्षणिक शुल्क, मानवीय मूल्यों से जुड़े क्लबों, वैदिक सिद्धांतों तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का विस्तृत विवरण दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रॉस्पेक्टस कॉलेज का दिल और दिमाग है।


इसे पढ़कर प्रत्येक विद्यार्थी का कॉलेज के प्रति जुड़ाव बढ़ता है और वह स्वयं को कॉलेज परिवार का अभिन्न हिस्सा महसूस करता है। इस प्रॉस्पेक्टस की एक-एक प्रति कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राचार्यों को भेंट की गई तथा नए प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों में भी वितरित की गई। प्रॉस्पेक्टस के मुखपृष्ठ पर कॉलेज द्वारा प्राप्त राष्ट्रीय पुरस्कार की आकर्षक तस्वीर प्रकाशित की गई है, जबकि अंतिम पृष्ठ पर कॉलेज की उपलब्धियों को ब्रह्मांड के स्वरूप में दर्शाया गया है। इसके अतिरिक्त, गत वर्ष की विभिन्न गतिविधियों को भी रंगीन एवं आकर्षक चित्रों के माध्यम से सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कुंदन लाल अग्रवाल ने इस प्रॉस्पेक्टस की सराहना करते हुए इसे कॉलेज का एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सुंदर दस्तावेज़ बताया।
Jiwanjot Savera