जालंधर (अरोड़ा) :- डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के अंतर्गत विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागतार्थ द्विदिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गौरवशाली परंपरा, शैक्षणिक वातावरण, सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के अवसरों तथा भावी रोज़गार एवं करियर की संभावनाओं से परिचित कराना था। कार्यक्रम के प्रथम दिवस का आयोजन बी.कॉम., बीबीए तथा बी.कॉम. (फाइनेंशियल सर्विसेज एंड टैक्स प्लानिंग) के विद्यार्थियों के लिए किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास एवं समृद्ध परंपराओं से अवगत कराया गया। साथ ही, उन्हें महाविद्यालय के नियमों, अनुशासन एवं अपेक्षित आचार-व्यवहार की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद, एक्स्ट्रा-म्यूरल गतिविधियों तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रमीय मंचों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के उपलब्ध अवसरों से भी परिचित कराया गया। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ ने महाविद्यालय के उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, कौशल-विकास कार्यक्रमों तथा करियर मार्गदर्शन संबंधी विभिन्न पहलों की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महाविद्यालय के दो प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों के साथ संवाद रहा। कैपिटल बैंक में प्रशिक्षण एवं प्रतिभा अधिग्रहण (ट्रेनिंग एंड टैलेंट एक्विजिशन) विभाग की प्रमुख श्रीमती मधुर तथा वर्ष 1994 के कॉमर्स बैच के स्वर्ण पदक विजेता चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) कुणाल कपूर ने महाविद्यालय में बिताए अपने अनुभव सांझा किए और विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वाणिज्य, वित्त एवं बैंकिंग क्षेत्र में उभरती संभावनाओं पर भी प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को परिश्रम, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ उत्कृष्टता प्राप्त करने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने वरिष्ठ उप-प्राचार्य एवं प्रख्यात स्मृति विशेषज्ञ डॉ. कुॅंवर राजीव के स्मरण-शक्ति संवर्धन विषयक संवादात्मक एवं प्रेरक व्याख्यान में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।





उन्होंने एकाग्रता, अधिगम क्षमता तथा स्मरण-शक्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए अनेक व्यावहारिक तकनीकों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। इस अवसर पर उप-प्राचार्या सोनिका दानिया, रजिस्ट्रार प्रो. अशोक कपूर, डॉ. मनु सूद, डॉ. ऋषि तथा कार्यक्रम का संचालन करने वाले प्रो. शरद मनोचा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस में ह्यूमैनिटीज, साइंस, कंप्यूटर साइंस, जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन, बायोटेक्नोलॉजी और फूड साइंस और टेक्नोलॉजी स्ट्रीम के छात्रों का इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंजाब सरकार के युवा सेवाएँ विभाग के सहायक निदेशक श्री रवि दारा तथा 92.7 बिग एफएम के प्रसिद्ध रेडियो जॉकी (आरजे) धीर, जो महाविद्यालय के गौरवशाली पूर्व विद्यार्थी भी हैं, ने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। उन्होंने डी.ए.वी. कॉलेज की कक्षाओं से लेकर अपने सफल व्यावसायिक जीवन तक की यात्रा सांझा करते हुए विद्यार्थियों को जिज्ञासु, अनुशासित एवं सक्रिय बने रहने तथा महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय द्वारा प्रदान किया गया प्रत्येक अवसर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को भी विशेष स्थान दिया गया। डॉ. मनीष अग्रवाल ने ‘आंत्र स्वास्थ्य (गट हेल्थ)’ विषय पर एक ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के संरक्षण में इसकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं प्राध्यापकगण, जिनमें डॉ. निश्चय बहल,, डॉ. रेणुका मल्होत्रा , मीनाक्षी, डॉ. राजन शर्मा, डॉ. बलविंदर सिंह, डॉ. ऋतु तलवाड़, शीतल अग्रवाल, प्रो. पंकज गुप्ता तथा अन्य अनेक संकाय सदस्य उपस्थित रहे। अपने संबोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का डी.ए.वी. परिवार में हार्दिक स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय में उपलब्ध उत्कृष्ट शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक अवसरों का पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय के आदर्शों एवं गौरवशाली परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ हुआ। यह आयोजन उनके शैक्षणिक जीवन की एक नई, प्रेरणादायी एवं संभावनाओं से परिपूर्ण यात्रा का शुभारंभ सिद्ध हुआ।
Jiwanjot Savera