जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद्, मुख्य शाखा, जालंधर द्वारा अध्यक्ष श्री पवन कुमार गर्ग की अध्यक्षता में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार, को प्रात देवी सहाय एस.डी. गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंडस्ट्रियल एरिया, जालंधर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद् द्वारा एक साथ तीन महत्वपूर्ण प्रकल्प—स्वामी विवेकानन्द जी पर डिक्लेमेशन प्रतियोगिता, स्वामी विवेकानन्द चित्रकला (ड्राइंग) प्रतियोगिता तथा विद्यार्थियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण—आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा सचिव कंचन शर्मा द्वारा राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम्” के साथ किया गया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम का अत्यंत प्रभावशाली एवं गरिमापूर्ण मंच संचालन भी किया। कार्यक्रम के प्रथम चरण में स्वामी विवेकानन्द जी के जीवन एवं विचारों पर डिक्लेमेशन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के लगभग 30 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में तान्या ने प्रथम, अंकिता ने द्वितीय तथा प्रियंका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके पश्चात स्वामी विवेकानन्द जी के चित्र पर आधारित ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लगभग 25–30 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

निर्णायकों द्वारा चयनित श्रेष्ठ चित्रों में अनुषिका को प्रथम, अंशिका को द्वितीय तथा मोनिका को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के तीसरे प्रकल्प के अंतर्गत विद्यालय के 80 से अधिक विद्यार्थियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण डॉ. विकास शर्मा एवं डॉ. अंजू शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. विकास शर्मा ने विद्यार्थियों को रक्त की कमी (एनीमिया) से बचाव, हीमोग्लोबिन बढ़ाने वाले पौष्टिक आहार तथा संतुलित भोजन के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्राचार्या एकता अरोड़ा ने भारत विकास परिषद् द्वारा सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत किए जा रहे सेवा एवं संस्कार आधारित कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य जागरूकता तथा नैतिक मूल्यों के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर परिषद् के प्रांतीय अध्यक्ष श्री विवेक शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानन्द जी के आदर्शों—आत्मविश्वास, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण एवं सेवा भाव—को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि स्वामी विवेकानन्द के विचारों पर चले तो वह स्वयं के साथ-साथ राष्ट्र को भी नई ऊँचाइयों तक ले जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में शाखा अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग ने विद्यालय की प्राचार्या एकता अरोड़ा, उपप्रधानाचार्य रविन्द्र कौर, मीना मनोच और उपस्थित अन्य शिक्षकगण, चिकित्सकों, प्रतिभागी विद्यार्थियों तथा उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से परिषद् के पर्यावरण प्रमुख अनिल शर्मा , महिला सहभागिता प्रमुख नीरजा खन्ना का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम में उपस्थित लगभग 300 से अधिक बच्चों का इस सेवा एवं संस्कारमय कार्यक्रम को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से भाग लिया तथा भारत विकास परिषद् के सेवा, संस्कार और समाजहित के कार्यों की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
Jiwanjot Savera