गढ़वाल युवा भ्रात्रि मण्डल, अमृतसर (रजि.) की विशेष बैठक सम्पन्न

संगठन को मजबूत बनाने एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर बनी सहमति
मुकेश गुसाई को सर्वसम्मति से खेल मंत्री नियुक्त किया गया

अमृतसर (प्रदीप) :- गढ़वाल युवा भ्रात्रि मण्डल, अमृतसर (रजि.) की एक विशेष बैठक मण्डल के प्रधान मनमोहन सिंह नेगी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन महासचिव भारत भूषण ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती, आपसी एकता तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मण्डल के वरिष्ठ एवं पुराने सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने तथा युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से मुकेश गुसाई को मण्डल का खेल मंत्री नियुक्त किया गया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर जगदीश रावत एवं भरत पुण्डीर ने अपने प्रेरणादायी विचार रखते हुए संगठन की एकजुटता एवं युवा शक्ति पर बल दिया। उनके संबोधन से उपस्थित सदस्यों में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी सर्वसम्मति से तय की गई। निर्णय लिया गया कि सितम्बर माह में बच्चों के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही अमृतसर के स्थानीय उत्तराखण्डी कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम “हम उत्तराखण्डी छां” का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार अक्तूबर माह में युवाओं के लिए क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी मुकेश गुसाई एवं प्रेम नेगी को सौंपी गई। इसके अतिरिक्त दिसम्बर अथवा जनवरी में देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी। बैठक के अंत में मण्डल के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग की अपील करते हुए कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने उत्तराखण्ड समाज के साथ-साथ उत्तराखण्ड होटल संगठन को भी और अधिक मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। बैठक में प्रधान मनमोहन सिंह नेगी, महासचिव भारत भूषण, जगदीश रावत, गिरीश कोठारी, गणेश राणा, हरनेक सिंह, प्रताप डोबलियाल, श्याम सिंह पुण्डीर, शशिभूषण रतूड़ी, विजय मखलोगा, भरत पुण्डीर, प्रेम नेगी, मुकेश गुसाई तथा भगत सिंह कण्डारी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया गया।

Check Also

पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने वरिष्ठ एवं भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर पहुंचकर जाना स्वास्थ्य का हाल, शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

जालंधर (अरोड़ा) :- पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने आज वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व पंजाब …