जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद्, मुख्य शाखा, जालंधर द्वारा सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत “नर सेवा – नारायण सेवा” प्रकल्प के तहत आज सिविल अस्पताल, जालंधर में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए सेवा कार्य का आयोजन किया गया। शाखा अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस सेवा प्रकल्प में मरीजों को पौष्टिक दूध वाला दलिया तथा उनके परिजनों को अचार-परांठा वितरित किया गया। इस सेवा का लाभ लगभग 100 से 150 मरीजों एवं उनके परिजनों ने प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत विकास परिषद् के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में हुआ। शाखा सचिव कंचन शर्मा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद् का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सहयोग एवं संस्कार की भावना को पहुँचाना है। परिषद् द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए निरंतर आयोजित किए जाते रहे हैं। आज के इस सेवा प्रकल्प के प्रमुख राज सभरवाल रहे, जिन्होंने अपनी पुत्रवधू सोनम सभरवाल के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर भारत विकास परिषद् के सहयोग से यह सेवा कार्य आयोजित किया।

उन्होंने अपने परिवार की खुशी को समाज के जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के साथ बाँटते हुए जन्मदिन को सेवा एवं मानवता के संदेश के रूप में मनाया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत की तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस अवसर पर परिषद् के सेवा प्रमुख प्रवीण मग्गू ने कहा कि जीवन की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है जब उसे समाज के उन लोगों के साथ साझा किया जाए जो किसी कारणवश कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। इस अवसर पर परिषद् के कोषाध्यक्ष संजीव गंभीर, गोल्डन सदस्य हर्ष वर्धन, संपर्क प्रमुख लोकेश बजाज, पर्यावरण प्रमुख अनिल शर्मा, महिला सहभागिता प्रमुख नीरजा खन्ना, वरिष्ठ सदस्य मनोहर लाल जी एवं अशोक मग्गू जी सहित परिषद् के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सचिव कंचन शर्मा ने अंत से उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद करते कहा भारत विकास परिषद् आगे भी सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत समाजहित में ऐसे अनेक सेवा प्रकल्प आयोजित करती रहेगी, ताकि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” का संदेश जन-जन तक पहुँच सके। उन्होंने सभी नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने पारिवारिक शुभ अवसरों को समाज सेवा से जोड़कर एक संवेदनशील एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
Jiwanjot Savera