जालंधर (अरोड़ा) :- डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर ने शिक्षा, पर्यावरणीय संरक्षण तथा सामाजिक विकास के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘नेशनल एडुट्रस्ट ऑफ़ इंडिया’ द्वारा प्रदत्त तीन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। संस्थान को ‘पर्यावरणीय नवाचार सम्मान-2026’ (Innovation in Environmental Practices Award 2026), ‘संस्थागत सामाजिक उत्तरदायित्व सम्मान-2026’ (Institutional Social Responsibility Award 2026) तथा ‘सर्वश्रेष्ठ प्राचार्य सम्मान-2026’ (Award of Honour for Best Principal 2026) से अलंकृत किया गया है। ‘पर्यावरणीय नवाचार सम्मान-2026’ महाविद्यालय को परिसर में सतत् विकासोन्मुख कार्यप्रणालियों, पर्यावरण-जागरूकता तथा पर्यावरण-अनुकूल पहलों को प्रोत्साहित करने के उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।


वहीं, ‘संस्थागत सामाजिक उत्तरदायित्व सम्मान-2026’ समाज-कल्याण के प्रति संस्थान की निरंतर प्रतिबद्धता, जन-जागरूकता अभियानों, सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों तथा विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता को मान्यता प्रदान करता है। ‘सर्वश्रेष्ठ प्राचार्य सम्मान-2026’ महाविद्यालय के प्राचार्य, डॉ. अनूप कुमार को उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता, समर्पित सेवाओं तथा विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व-विकास को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदान किया गया। प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार ने इस उपलब्धि के लिए सभी प्राध्यापकों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान सामूहिक परिश्रम, समर्पण और संस्थागत मूल्यों के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतिफल है। उन्होंने अनुसंधान एवं विकास (आर एंड डी) दल के उन सदस्यों की भी विशेष सराहना की, जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर इस सफलता में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। ये सम्मान डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण-संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उसकी अडिग प्रतिबद्धता के सशक्त प्रमाण हैं। संस्थान क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अग्रणी केन्द्र के रूप में अपनी गौरवशाली परम्परा को निरन्तर आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों को समाज के प्रति सकारात्मक एवं रचनात्मक योगदान हेतु प्रेरित करता आ रहा है।
Jiwanjot Savera