वोटर मैपिंग की सुविधा के लिए जिले के सभी बूथों पर 7 जून को लगाए जाएंगे विशेष कैंप
राजनीतिक पार्टियों से कैंप के बारे में अधिक से अधिक वोटरों को जागरूक करने की अपील
जालंधर (अरोड़ा) :- भारत चुनाव आयोग द्वारा पंजाब में वोटर सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) संबंधी जारी समय-सारणी में संशोधन करते हुए नया प्रोग्राम जारी किया गया है। इस संबंध में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर द्वारा आज सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी गई। यहा जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में हुई मीटिंग के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने राजनीतिक पार्टियों को जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नए संशोधित शेड्यूल के अनुसार वोटर सूची की प्रारंभिक प्रकाशन 31 जुलाई 2026 की बजाय अब 3 अगस्त 2026 को की जाएगी। इसी प्रकार वोटर सूची संबंधी दावे और आपत्तियां 3 अगस्त 2026 से 2 सितंबर 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों के निपटारे तथा ‘नोटिस फेज’ की प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से 28 सितंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संशोधन अभियान की बाकी सभी गतिविधियों का शेड्यूल पहले वाला ही रहेगा। उन्होंने बताया कि 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) घर-घर जाकर वोटरों से फॉर्म भरवाएंगे। अंतिम वोटर सूची का प्रकाशन 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एस.आई.आर. के तहत जिले के प्रत्येक वोटर को बी.एल.ओ. द्वारा दिया जाने वाला इन्यूमरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य है। यदि कोई वोटर इन्यूमरेशन फॉर्म नहीं भरता है तो उसे ड्राफ्ट वोटर सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वोटरों को 2003 की वोटर सूची के साथ वोटर मैपिंग की विशेष सुविधा देने के लिए 7 जून 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, जिसमें बी.एल.ओ. वोटरों की सुविधा के लिए अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ अनमैप्ड वोटरों की सूची साझा करते हुए उनसे इस कैंप के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने की अपील की, ताकि बाकी बचे वोटरों की मैपिंग सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने ऐसे वोटरों, जिनकी अभी तक 2003 की वोटर सूची के साथ मैपिंग नहीं हुई है, से संबंधित बी.एल.ओ. से संपर्क करके अपनी मैपिंग करवाने की अपील की। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने राजनीतिक पार्टियों से इस हफ्ते के अंत तक अपने बी.एल.ए. (बूथ लेवल एजेंट) नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। उन्होंने बताया कि बी.एल.ए. के लिए ट्रेनिंग कार्यक्रम बनाया गया है। सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील की गई कि वह अपने बी.एल.ए. की इस ट्रेनिंग में भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी योग्य वोटरों से एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान अपने विवरण की तस्दीक करवाने और आवश्यक दस्तावेज समय पर बी.एल.ओ. को उपलब्ध करवाने की अपील की, ताकि वोटर सूचियों को और अधिक शुद्ध बनाया जा सके। इस मौके पर चुनाव तहसीलदार सुखदेव सिंह और विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
Jiwanjot Savera