
जालंधर (अरोड़ा) :- गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सीटी ग्रुप ने स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह की स्मृति में ₹60 करोड़ की छात्रवृत्ति योजना को जारी रखने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। यह छात्रवृत्ति योजना सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स (शाहपुर एवं मकसूदां कैंपस), सीटी यूनिवर्सिटी, सीटी पब्लिक स्कूल तथा सीटी वर्ल्ड स्कूल में लागू होगी। योजना के अंतर्गत मेधावी छात्रों के साथ-साथ पूर्व छात्र, भाई-बहन, शिक्षकों के बच्चे, रक्षा कर्मियों के परिवार तथा सीटी स्टाफ के आश्रित भी लाभान्वित होंगे। सीटीसेट (CTSET) छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यार्थियों को परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर संस्थान की निर्धारित शुल्क संरचना के अनुसार छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके लिए पंजीकरण एवं परीक्षा में भाग लेना अनिवार्य होगा।






पूर्व छात्रों को पुनः प्रवेश या नए पाठ्यक्रम में दाखिले पर प्रथम सेमेस्टर की फीस में 25 प्रतिशत की एकमुश्त छूट दी जाएगी। साथ ही यूनिफॉर्म एवं लाइब्रेरी शुल्क में भी रियायत का प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार सिब्लिंग स्कॉलरशिप के अंतर्गत भाई-बहनों को भी समान लाभ मिलेगा। शिक्षकों के बच्चों के लिए टीचर्स स्कॉलरशिप योजना के तहत प्रथम सेमेस्टर की फीस में 25 प्रतिशत छूट दी जाएगी, जबकि सीटी स्टाफ के बच्चों को प्रत्येक सेमेस्टर फीस में 25 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। रक्षा कर्मियों के आश्रितों को 90 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त पात्र विद्यार्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप (PMS) का भी लाभ प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर सीटी ग्रुप के चेयरमैन सरदार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि यह पहल स्व. डॉ. मनमोहन सिंह के उस दृष्टिकोण को समर्पित है जिसमें शिक्षा को समाज सशक्तिकरण का माध्यम बताया गया है। सीटी ग्रुप के डॉ. मनबीर सिंह ने कहा कि संस्थान हमेशा से हर वर्ग के विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और यह छात्रवृत्ति योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Jiwanjot Savera