जालंधर (अरोड़ा) :- हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर में प्राचार्या डॉ. एकता खोसला के मार्गदर्शन में पंजाब स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी के सहयोग से 17 एवं 18 नवंबर, 2026 को राज्य स्तरीय ‘विज्ञान मेला’ आयोजित किया जा रहा है। पंजाब सरकार द्वारा समर्थित यह आयोजन STEM Outreach Initiative के अंतर्गत आयोजित होगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता तथा तकनीकी जागरूकता को प्रोत्साहित करना है। प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन की समस्याओं को समझने और उनके समाधान खोजने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों को विकसित करने तथा भविष्य की तकनीकों से परिचित होने के अवसर प्रदान करते हैं। दो दिवसीय इस विज्ञान मेले में गतिविधियों, वैज्ञानिक प्रदर्शनों, प्रतियोगिताओं और विशेषज्ञों के साथ संवाद के अनेक आकर्षक अवसर उपलब्ध होंगे। विशेष आकर्षणों में साइंस बिहाइंड मिरेकल्स, मैथमेटिक्स एंड ज्योमेट्री कॉर्नर, द वर्ल्ड ऑफ लाइफ साइंसेज, रॉकेट्री एंड टेलीस्कोप मेकिंग, रोबोटिक्स, 3D प्रिंटिंग एवं STEM इनोवेशन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त AI, कोडिंग एंड फ्यूचर टेक, ग्रीन साइंस – वेस्ट टू वेल्थ, वाटर एंड सॉयल टेस्टिंग तथा एस्ट्रोनॉमी एंड नाइट स्काई ऑब्जर्वेशन जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। मेले में साइंस पपेट्री, रोबोट शो, साइंस सर्कस, साइंस डॉक्यूमेंट्री तथा नाइट स्काई वॉच जैसे विशेष कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं वॉकाथॉन एवं साइक्लोथॉन, मोबाइल साइंस वैन तथा ‘वीमेन इन साइंस’ प्रेरणादायक प्रदर्शनी के माध्यम से विज्ञान को कैंपस से बाहर समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और विज्ञान संचारकों के साथ इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित होंगे, जिनमें विद्यार्थी विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों, उभरती तकनीकों और करियर संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। विज्ञान मेले के अंतर्गत 18 नवंबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें साइंस क्विज, वॉल म्यूरल पेंटिंग, रील मेकिंग चैलेंज, इनोवेशन चैलेंज, साइंस रंगोली, नुक्कड़ नाटक, नेल आर्ट, मेहंदी डिजाइन, AI पर संवाद, साइबर सुरक्षा पर पोस्टर मेकिंग, प्री-प्रिपेयर्ड वर्किंग मॉडल तथा कोट राइटिंग प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, प्रकृति, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सतत विकास जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतियोगिता के लिए निर्धारित टीम संख्या के अनुसार विद्यालय अपनी टीमें भेज सकते हैं। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र तथा आकर्षक नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इस आयोजन की कन्वीनर डॉ. सीमा मरवाहा तथा कोऑर्डिनेटर डॉ. अंजना भाटिया हैं। आयोजन की कोर कमेटी में दीपशिखा, डॉ. सलोनी शर्मा, डॉ. जतिंदर कुमार, डॉ. हरप्रीत सिंह, डॉ. रमा शर्मा, डॉ. राखी मेहता एवं आशीष चड्ढा शामिल हैं। यह विज्ञान मेला विद्यार्थियों को विज्ञान को केवल पढऩे के बजाय उसे अनुभव करने, समझने और जीवन की वास्तविक समस्याओं के समाधान के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
Jiwanjot Savera