जालंधर (अरोड़ा) :- मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर में ‘सेव अर्थ सोसाइटी’ द्वारा ‘भरोसा शिविर’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह की अध्यक्षता तथा सोसाइटी के अध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संजय बंसल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सोसाइटी की उपाध्यक्ष मीना बंसल के अनुसार, यह शिविर प्रत्येक सेमेस्टर में आयोजित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य पढ़ाई और उपस्थिति में पीछे रह रहे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इस उद्देश्य से समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक हस्तियों को आमंत्रित किया जाता है। इस बार डी.ए.वी. कॉलेज के संस्कृत विभाग की अध्यक्ष प्रो. रितु तलवार तथा कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी एवं योग साधक अभिषेक मेहरा ने मुख्य वक्ताओं के रूप में शिरकत की। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने कहा कि इस शिविर के माध्यम से हम विद्यार्थियों को यह विश्वास दिलाते हैं कि हमें आप सभी पर भरोसा है और हमें पूरा यकीन है कि आप जीवन में सफलता प्राप्त करके नई बुलंदियों को छू सकते हैं।


प्रो. रितु तलवार ने अपने संबोधन में कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को एक-दूसरे का सहयोग करने, माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने तथा पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। विद्यार्थियों का तनाव कम करने के लिए अभिषेक मेहरा और डॉ. सोनिया सूद ने विभिन्न योग क्रियाओं एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। इनमें ‘ओम’ का उच्चारण, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और भस्त्रिका शामिल थे। सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. संजय बंसल ने बताया कि योग और प्राणायाम से शरीर एवं मन शांत रहते हैं, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ाने में सहायता मिलती है। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन मीना बंसल और प्रतिभा ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. संजय बंसल ने प्रस्तुत किया। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने इस सफल आयोजन के लिए डॉ. संजय बंसल और उनकी पूरी टीम की भरपूर सराहना की। इस शिविर में लगभग 130 विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपने फीडबैक में इसे अपने लिए अत्यंत लाभदायक बताया। इस अवसर पर श्री अभिषेक शर्मा, मैडम प्रतिभा, मैडम रिया, मैडम अंजू, मैडम वैष्णवी, मैडम रेनू और मैडम अर्पणा भी उपस्थित थीं।
Jiwanjot Savera