अमृतसर (प्रदीप) :- बी बी के डी ए वी कॉलेज फॉर विमेन, अमृतसर में वेद प्रचार सप्ताह के समापन समारोह एवं श्री कृष्ण-जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य वैदिक हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। यह आयोजन परम आदरणीय आर्य रत्न पद्म अलंकृत डॉ. पूनम सूरी, प्रधान, डी ए वी कॉलेज प्रबन्धकर्त्री समिति एवं आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा, नई दिल्ली के शुभाशीष और आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा, पंजाब के निर्देशानुसार कोलेज प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया के कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जिसमें सुदर्शन कपूर, अध्यक्ष, स्थानीय सलाहकार समिति एवं सदस्य डी ए वी प्रबन्धकर्त्री समिति, नई दिल्ली मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। कॉलेज प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया ने सर्वप्रथम हवन की निर्विध्न समाप्ति पर ईश्वर का धन्यवाद ज्ञापित किया। अपने संबोधन में उन्होंने धर्म और कर्म की विस्तृत व्याख्या करते हुए छात्राओं को अपने कार्यों को धर्मानुसार करने के लिए प्रेरित किया। आपने बताया कि वेद प्रचार सप्ताह के अन्तर्गत महाविद्यालय में पोस्टर मेकिंग, कविता-वाचन, भजन-गायन, हवन-प्रशिक्षण एवं वातावरण-सरंक्षण कार्यशाला तथा वैदिक-भाषण प्रतियोगिता जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। इंद्रपाल आर्य प्रधान, लक्ष्मण आर्य समाज एवं सदस्य डी ए वी प्रबन्धकर्त्री समिति, नई दिल्ली ने अपने संबोधन में वेदों के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं का आह्वान किया कि वे वेदों की शिक्षाओं को अपने जीवन में धारण करें। इस अवसर पर सुदर्शन कपूर जी ने वेद प्रचार सप्ताह के सफल आयोजन पर कॉलेज प्राचार्या को बधाई देते हुए कहा कि वेद हमारे प्राचीनतम ज्ञान-ग्रंथ हैं, जिनमें मानव जीवन के कल्याण, सत्य, सदाचार एवं नैतिक मूल्यों का मार्गदर्शन निहित है।



उन्होंने हवन में उपस्थिति का धन्यवाद ज्ञापित किया। उल्लेखनीय है कि वेद प्रचार सप्ताह के अन्तर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में कुल 100 से अधिक छात्राओं द्वारा सहभागिता ली गई, जिसमें से निबंध लेखन में भूमिका शर्मा बी.ए सेमेस्टर-1 प्रथम, रणजीत कौर बी.काम सेमेस्टर-3 द्वितीय, महिमा बी.ए सेमेस्टर-5 एवं तनीषा महाजन बी.बी.ए सेमेस्टर-3 तृतीय स्थान पर रहीं। काव्य लेखन में बी.एस.सी.ए.आई सेमेस्टर-1 की नयन अरोड़ा प्रथम, गुड़िया कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं, पोस्टर मेकिंग में बी.एफ.ए अप्लाइड आर्ट सेमेस्टर-3 की भव्य गुप्ता प्रथम, गौरिका द्वितीय, यशवी बी.कॉम सेमेस्टर-5 तृतीय स्थान पर रहीं, भजन गायन में बी.ए सेमेस्टर-1 की नंदिनी प्रथम, बी. ए सेमेस्टर 5 की उपासना द्वितीय और ग्यारहवीं कक्षा की गुरनूर मान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि प्रथम स्थान पर आने वाली छात्राओं को नगद धनराशि एवं अन्य विजेता छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि यह धन राशि आर्य समाज लारेंस रोड़ से अनिल विनायक द्वारा अपने पिता जी की स्मृति में प्रदान की गई थी। इस अवसर पर आर्य समाज मॉडल टाउन से कर्नल वेद मित्तर द्वारा ‘अंधियारा सब मिट रहा है’ तथा संगीत विभाग के अध्यक्ष प्रो. नरेन्द्र कुमार एवं अरुण कुमार ने ’वेद पढ़ो और पढ़ाया करो’ भजन का गायन कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। इस अवसर पर डी ए वी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. पल्लवी सेठी, आर्य युवती सभा के सभी सदस्य, आफिस पदाधिकारी, नॉन टीचिंग स्टाफ तथा छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में प्रसाद वितरण के साथ हवन यज्ञ सम्पन्न हुआ।
Jiwanjot Savera