कुलपति प्रो. (डॉ.) अरविंद कुमार बंसल ने समारोह की अगुवाई की, रचनात्मक प्रतियोगिताओं से छात्रों को मिली प्रेरणा
जालंधर (अरोड़ा) :- आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आई.के.जी पी.टी.यू) ने इंजीनियर्स डे बड़े उत्साह के साथ मनाया। यह कार्यक्रम सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा इंडियन सोसाइटी फॉर टेक्निकल एजुकेशन (आई.एस.टी.ई) के सहयोग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) अरविंद कुमार बंसल, कुलपति रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि डॉ. नवदीपक संधू, रजिस्ट्रार रहे। कार्यक्रम का स्वागत प्रो. (डॉ.) राजीव चौहान, विभागाध्यक्ष सिविल इंजीनियरिंग एवं आई.एस.टी.ई समन्वयक ने किया। उन्होंने इंजीनियर्स डे के इतिहास एवं महत्व पर प्रकाश डाला।



इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी जयंती पूरे देश में इंजीनियर्स-डे के रूप में मनाई जाती है। सर विश्वेश्वरैया को सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और जल संसाधन प्रबंधन में उनके अद्वितीय योगदान के लिए याद किया जाता है। उन्होंने कर्नाटक में कृष्णराज सागर बांध का डिजाइन किया था। उनका अनुशासन, दृष्टिकोण और समर्पण आज भी इंजीनियरों को समाज की सेवा में नवाचार और ईमानदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। कुलपति प्रो. बंसल ने अपने संबोधन में सभी फैकल्टी सदस्यों, छात्रों, अधिकारियों और कर्मचारियों को इस विशेष दिन की बधाई दी एवं तकनीकी उत्कृष्टता एवं नवाचार के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर छात्रों के लिए कई रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कैड एरीना, पोस्टर मेकिंग, क्विज़, ई-स्पोर्ट्स, आइडियाथॉन आदि शामिल थे।
Jiwanjot Savera