Breaking News

लाजपत राय पुस्तकालय ने नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए ‘यूज़र ओरिएंटेशन प्रोग्राम‘ किया

जालंधर (अरोडा) :- डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर के लाजपत राय पुस्तकालय द्वारा नवदाखिल स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए ‘यूज़र ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विभिन्न समूहों में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य नवागंतुक विद्यार्थियों को पुस्तकालय में उपलब्ध संसाधनों, सुविधाओं, सेवाओं तथा डिजिट्ल माध्यमों से परिचित करवाना था, ताकि वे अपनी शैक्षणिक यात्रा के दौरान पुस्तकालय की सेवाओं का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग कर सकें। अभिमुखीकरण सत्र के दौरान विद्यार्थियों को पुस्तकों, संदर्भ-सामग्री, शोध-पत्रिकाओं, समाचार-पत्रों, ई-संसाधनों तथा पुस्तकालय की विभिन्न डिजिट्ल सेवाओं के समृद्ध संग्रह से परिचित करवाया गया। उन्हें ऑनलाइन सार्वजनिक अभिगम सूची (OPAC), पुस्तकों के निर्गमन एवं वापसी की प्रक्रिया, सदस्यता संबंधी नियमों, वाचनालय की सुविधाओं, संस्थागत डिजिटल भंडार (IDR), DELNET तथा पुस्तकालय की अन्य विशिष्ट सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग के साथ-साथ नियमित पठन एवं शोध की आदत विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार ने नवागंतुक विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “मैं प्रत्येक विद्यार्थी को इस उत्कृष्ट पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करता हूँ। पुस्तकालय को अपनी शैक्षणिक सफलता तथा सर्वांगीण व्यक्तित्व-विकास की यात्रा में अपना सहयोगी बनाएँ।” उन्होंने पुस्तकालय विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इसके माध्यम से नवागंतुक विद्यार्थियों को संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्रदान किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन पुस्तकालयाध्यक्षा श्रीमती श्वेता द्वारा किया गया। विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्होंने नियमित पठन-पाठन की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वाध्याय, आलोचनात्मक चिंतन तथा निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही शैक्षणिक सफलता एवं व्यक्तिगत विकास की आधारशिला है। अभिमुखीकरण कार्यक्रम का समापन नवागंतुक विद्यार्थियों को लाजपत राय पुस्तकालय तथा उसके ‘बुक बडीज़ क्लब’ द्वारा वर्षभर आयोजित की जाने वाली पठन-प्रोत्साहन गतिविधियों, पुस्तक-समीक्षा सत्रों तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए आमंत्रित करते हुए किया गया। पुस्तकालय के कर्मचारी—अरुण पराशर, राम चंदर, शबनम देवी, सुरिंदर कुमारी, अविनाश, राहुल तथा श्रीमती दीपू—ने सभी विद्यार्थियों एवं पुस्तकालय उपयोगकर्ताओं को अध्ययन एवं अधिगम के लिए अनुकूल वातावरण तथा गुणवत्तापूर्ण सूचना एवं पुस्तकालय सेवाएँ उपलब्ध करवाने के अपने संकल्प को दोहराया।

About newsadmin

Check Also

एपीजे कॉलेज ऑफ़ फाइन आर्ट्स जालंधर के 17वें इंटर स्कूल TECH FEST में पंजाब के विभिन्न स्कूलों के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने की प्रतिभागिता

जालंधर (अरोड़ा) :- एपीजे कॉलेज ऑफ़ फाइन आर्ट्स जालंधर के पीजी डिपार्टमेंट ऑफ़ कंप्यूटर साइंस …