जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद मुख्य शाखा, जालंधर द्वारा शाखा अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग की अगुवाई में आज डी.एस.एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल (प्राइमरी ब्रांच) के विद्यार्थियों के लिए “गुड टच–बैड टच” विषय पर एक जागरूकता एवं संस्कार सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नन्हे बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, अच्छे संस्कार एवं आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देना था। कार्यक्रम का कुशल संचालन शाखा सचिव कंचन शर्मा ने किया। उन्होंने बच्चों को सरल एवं सहज भाषा में संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे का जीवन अत्यंत अमूल्य है और उसकी सुरक्षा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी स्वयं उसकी है। उन्होंने कहा कि चाहे लड़का हो या लड़की, यदि कोई भी व्यक्ति उनके साथ कोई अनुचित व्यवहार करता है या उन्हें असहज महसूस कराता है, तो वे बिल्कुल भी डरें नहीं और तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय बड़े को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बच्चों को अपने शिक्षकों को अपना मित्र मानने, उनका सम्मान करने तथा किसी भी समस्या को बिना झिझक उनके साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया। महिला सहभागिता प्रमुख नीरजा खन्ना ने बच्चों को गुड टच और बैड टच के विषय में अत्यंत सरल, रोचक एवं उदाहरणों के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि कौन-सा स्पर्श उन्हें सुरक्षित, सम्मानित और प्रसन्न महसूस कराता है तथा कौन-सा स्पर्श गलत है।



उन्होंने बच्चों को साहसपूर्वक “नहीं” कहना, वहाँ से तुरंत हट जाना तथा किसी भी गलत घटना की सूचना तुरंत अपने माता-पिता या शिक्षक को देने की सीख दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमलेश गर्ग ने अपने प्रेरक संबोधन में बच्चों को अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफल बनने के साथ-साथ अच्छा इंसान बनना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बच्चों से माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने, बड़ों का आदर करने, सत्य बोलने, अनुशासित रहने तथा संस्कारवान नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी मधुर वाणी में सुंदर कविताएँ प्रस्तुत कर वातावरण को आनंदमय बना दिया। विशेष रूप से अंकुश एवं संध्या द्वारा प्रस्तुत कविताओं ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया। इस जागरूकता कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत विकास परिषद की ओर से सभी बच्चों को कॉपी, पेंसिल, इरेज़र एवं शार्पनर भेंट किए गए। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन शर्मा ने भारत विकास परिषद के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विद्यालय में इस उपयोगी एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम के आयोजन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से परिषद द्वारा दी गई शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा सदैव जागरूक एवं संस्कारवान बनने का आह्वान किया। अंत में शाखा अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग ने विद्यालय प्रबंधन, मुख्य अतिथि, उपस्थिति शिक्षकों, महिला सहभागिता टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भारत विकास परिषद भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा जागरूकता एवं संस्कार निर्माण के लिए ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी, ताकि प्रत्येक बच्चा सुरक्षित, जागरूक, आत्मविश्वासी और संस्कारवान बन सके। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान “जन गण मन” के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
Jiwanjot Savera