जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद पंजाब पश्चिम के प्रांत अध्यक्ष विवेक शर्मा जी ने मुकेरियां का विशेष दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ पवन कुमार गर्ग जी, अध्यक्ष, भारत विकास परिषद जालंधर मुख्य शाखा तथा डी.के. छाबड़ा जी, शाखा गतिविधि संपर्क प्रमुख, जालंधर मुख्य शाखा भी उपस्थित रहे। बैठक में एडवोकेट नरेंद्र शर्मा जी, प्रांत वित्त सचिव, भारत विकास परिषद पंजाब पश्चिम ने आए हुए सदस्यों का परिषद की ओर स्वागत और अंगवस्त्र पहना कर सम्मानित किया। मुकेरियां में भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ आयोजित विशेष बैठक के दौरान संगठन की वर्तमान गतिविधियों, सामाजिक सेवा कार्यों तथा आगामी योजनाओं को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला होशियारपुर में भारत विकास परिषद की गतिविधियों के विस्तार, नई शाखाओं के गठन तथा अधिक से अधिक समाजसेवियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों को परिषद से जोड़ने को लेकर रणनीति तैयार करना रहा।


साथ ही सेवा कार्यों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा जरूरतमंद वर्गों के लिए जनसेवा के नए प्रकल्प शुरू करने पर भी चर्चा की गई। प्रांत अध्यक्ष विवेक शर्मा जी ने कहा कि भारत विकास परिषद समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करते हुए संपर्क, सहयोग, सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के साथ-साथ सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने की दिशा में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को मिलकर कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने परिषद के संगठनात्मक विस्तार को गति देने, नई शाखाओं के गठन तथा समाजसेवा के कार्यों को अधिक व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान जिला होशियारपुर में भारत विकास परिषद की गतिविधियों को नई दिशा एवं गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आए। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी सदस्यों ने परिषद के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित में अधिक से अधिक सेवा कार्य करने का संकल्प दोहराया।
Jiwanjot Savera