Breaking News

भारत विकास परिषद्, मुख्य शाखा, जालंधर द्वारा सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सिविल हॉस्पिटल में फिर की गई भोजन सेवा

जालंधर (अरोड़ा) :- भारत विकास परिषद्, मुख्य शाखा, जालंधर ने सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत “नर सेवा – नारायण सेवा” प्रकल्प के तहत सिविल अस्पताल, जालंधर में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए स्नेहपूर्ण भोजन सेवा का आयोजन किया। इस सेवा कार्य का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सहयोग, संवेदना एवं मानवता का संदेश पहुँचाना रहा। सेवा प्रमुख प्रवीण मग्गू जी के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा अभियान के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों को पौष्टिक दूध वाला दलिया, बिस्किट एवं अचार-पराठा वितरित किए गए। इस सेवा का लाभ लगभग 200 से अधिक मरीजों एवं उनके परिजनों ने प्राप्त किया। इस अवसर पर गतिविधि प्रमुख हर्ष वर्धन शर्मा जी ने अपने पौत्र अचित सरोचा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में परिषद् के सहयोग से इस सेवा कार्य का आयोजन कर परिवार की खुशियों को समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ साझा करने का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। शाखा अध्यक्ष पवन कुमार गर्ग ने कार्यक्रम में उपस्थित परिषद् के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके सेवा-भाव की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद् समय-समय पर समाजहित में ऐसे अनेक सेवा प्रकल्पों का सफलतापूर्वक संचालन करती रहती है। यदि समाज के किसी जरूरतमंद व्यक्ति को ऐसी किसी समस्या का सामना करना पड़े, जिसमें परिषद् सहयोग करने में सक्षम हो, तो वह निःसंकोच परिषद् के सदस्यों से संपर्क कर सकता है। परिषद् सदैव अपनी सामर्थ्य के अनुसार सेवा एवं सहयोग के लिए तत्पर रहेगी। इस सेवा कार्य में शाखा कोषाध्यक्ष संजीव गंभीर, राज सभरवाल, लोकेश बजाज, अशोक मग्गू, रमेश भंडारी एवं जय देव मल्होत्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा सेवा कार्य में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान किया। अंत में शाखा अध्यक्ष ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “नर सेवा ही नारायण सेवा है” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

Check Also

एच.एम.वी की बी.वॉक. (मेंटल हेल्थ एंड काउंसलिंग) सेमेस्टर-Ⅴ की छात्राओं ने विश्वविद्यालय परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया

जालंधर (अरोड़ा) :- हंसराज महिला महाविद्यालय (एचएमवी), जालंधर की बी.वॉक. (मेंटल हेल्थ एंड काउंसलिंग) सेमेस्टर-Ⅴ …