सहायक स्टाफ की मेहनत, समर्पण और वर्षों की सेवा को दिया गया विशेष सम्मान
जालंधर (अरोड़ा) :- सीटी ग्रुप ने अपने संस्थानों की मजबूती और सुचारु संचालन में अहम भूमिका निभाने वाले सहायक स्टाफ को सम्मानित करने के लिए ‘आभार’ नामक विशेष समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, शाहपुर कैंपस, नॉर्थ कैंपस मकसूदां, सीटी पब्लिक स्कूल और सीटी वर्ल्ड स्कूल के समर्पित कर्मचारियों को समर्पित रहा। इस अवसर पर कुल 100 सहायक स्टाफ सदस्यों को 2 वर्ष, 5 वर्ष, 10 वर्ष, 15 वर्ष तथा 20 वर्ष से अधिक की सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। ये वे कर्मचारी हैं जो अक्सर पर्दे के पीछे रहकर संस्थान के विकास और सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।





यह समारोह सीटी ग्रुप की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें हर कर्मचारी को संस्था की प्रगति का अभिन्न हिस्सा माना जाता है। इन कर्मचारियों की मेहनत, ईमानदारी और लगन ने छात्रों, शिक्षकों और अन्य स्टाफ के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण तैयार किया है। समारोह में चेयरमैन सरदार चरणजीत सिंह चन्नी, मैनेजिंग डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) मनबीर सिंह, वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह, वाइस चांसलर डॉ. नितिन टंडन, कैंपस डायरेक्टर डॉ. अनुराग शर्मा, प्रिंसिपल सीटी पब्लिक स्कूल मनीषा बसनेट, प्रिंसिपल सीटी वर्ल्ड स्कूल सुश्री आरती जसवाल तथा प्रिंसिपल सीटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन डॉ. अंजू शर्मा उपस्थित रहे। सभी गणमान्य व्यक्तियों ने सम्मानित कर्मचारियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर चेयरमैन सरदार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि संस्था की सफलता में हर कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कहा कि सीटी ग्रुप की सफलता का सफर सभी कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण पर आधारित है।





सहायक स्टाफ संस्था की रीढ़ की हड्डी है, जो रोजमर्रा के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करता है। समारोह के दौरान सभी गणमान्य व्यक्तियों ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई दी और उनके अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों की सराहना की। सम्मानित कर्मचारियों ने भी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। यह समारोह न केवल उनके कार्यकाल का उत्सव था, बल्कि संस्था और कर्मचारियों के बीच मजबूत संबंध को भी दर्शाता है।
Jiwanjot Savera