अमृतसर (प्रदीप) :- बी बी के डी ए वी कॉलेज फॉर विमेन द्वारा विद्यार्थियों में पर्यावरण जागरूकता और सतत् जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “ग्रीन भारत : ए टू-वीक इम्पैक्ट चैलेंज” के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस पहल का समापन कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण अभियान के साथ हुआ, जिसमें लगभग 20 पौधे, जैसे कपूर, तेजपत्ता और लौंग के पौधे लगाए गए। वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य अतिथि जतिंदर सिंह मोती भाटिया, मेयर, अमृतसर तथा कॉलेज प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि ने इस प्रकार की सार्थक गतिविधियों के आयोजन के लिए कॉलेज की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या डॉ. पुष्पिंदर वालिया ने भी कॉलेज की एनएसएस इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल युवाओं में पर्यावरणीय दायित्व विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि एक सुरक्षित भविष्य के निर्माण के लिए संस्थागत और व्यक्तिगत दोनों स्तरों पर सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।


कार्यक्रम के दौरान “ग्रीन भारत” विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना था। इसके साथ ही डॉ. सुरभि धीर और डॉ. निधि अग्रवाल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा ग्रीन प्रतिज्ञा दिलाई गई, जिसमें छात्राओं ने पृथ्वी और उसके प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने का संकल्प लिया। ‘ऊर्जा संरक्षण’ के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए “एनर्जी सेविंग” विषय पर एक ऑनलाइन क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसमें कुल 19 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज प्रतियोगिता में किरणप्रीत कौर (बीबीए सेमेस्टर VI) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रांजल जैन (बीबीए सेमेस्टर VI) ने द्वितीय स्थान और सिमरप्रीत कौर औलख (बी.एससी. बायोटेक्नोलॉजी सेमेस्टर IV) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में रितिका शर्मा (बी.कॉम सेमेस्टर VI) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सनमप्रीत (बी.एससी. कंप्यूटर साइंस सेमेस्टर IV) ने द्वितीय स्थान और राजिंदर कौर (बी.ए. सेमेस्टर VI) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
JiwanJotSavera