अमृतसर (प्रदीप) :- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जस्ट सेवा सोसाइटी, अमृतसर द्वारा शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. शैली जग्गी को “प्राइड ऑफ़ अमृतसर अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, रचनात्मक लेखन तथा समाज सेवा के लिए प्रदान किया गया। जस्ट सेवा सोसाइटी अमृतसर की एक सक्रिय सामाजिक संस्था है, जो समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था “सेव ब्लू (जल संरक्षण), प्लांट ग्रीन (वृक्षारोपण) और डोनेट रेड (रक्तदान)” जैसे अभियानों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैला रही है। वर्तमान में संस्था 40 जरूरतमंद परिवारों को प्रतिमाह राशन उपलब्ध करा रही है तथा 30 बुजुर्गों को मासिक पेंशन प्रदान कर रही है। डॉ. शैली जग्गी, बी.बी.के. डी.ए.वी. कॉलेज फॉर वूमेन, अमृतसर के हिंदी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। वे एक संवेदनशील कवयित्री और रचनात्मक लेखिका के रूप में भी जानी जाती हैं। उल्लेखनीय है कि उन्होंने मात्र दो वर्षों में लगभग 2100 कविताओं की रचना की है, जिनमें सामाजिक चेतना, नारी सशक्तिकरण और मानवीय संवेदनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। शिक्षण के साथ-साथ वे समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय हैं और आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग प्रदान करती रहती हैं। इसके अतिरिक्त वे समय-समय पर शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों को भी सहयोग देती हैं। विशेष उल्लेखनीय है कि डॉ. शैली जग्गी को पिछले पाँच वर्षों से लगातार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जाता रहा है, जो उनके निरंतर सामाजिक, शैक्षिक और साहित्यिक योगदान का प्रमाण है।
JiwanJotSavera