“युद्ध नशियां विरुद्ध” थीम के साथ फिटनेस, सामाजिक जागरूकता और महिला सशक्तिकरण का संदेश
जालंधर (अरोड़ा) :- सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने ज़िला प्रशासन जालंधर के सहयोग से शाहपुर कैंपस में 17वीं सीटी हाफ मैराथन – ‘दौड़दा पंजाब’ का सफल आयोजन किया। इस मैराथन में पंजाब और आसपास के क्षेत्रों से आए 7000 से अधिक धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन “युद्ध नशियां विरुद्ध” थीम के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य समाज को नशामुक्त पंजाब के निर्माण के लिए एकजुट करना और युवाओं को फिटनेस, अनुशासन व सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था। इस मैराथन को जालंधर प्रीमियर लीग और ज़िला ओलंपिक एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों का भी सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम को उस्ताद पूरन शाह कोटी जी और महान मैराथन धावक फौजा सिंह की स्मृति को समर्पित किया गया, जिनकी प्रेरणादायक विरासत को सभी ने नमन किया। सुबह शुरू हुई इस मैराथन में खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों, छात्रों, पेशेवरों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग प्रतिभागियों ने भाग लेकर इसे एक जनआंदोलन का रूप दे दिया। मैराथन का मुख्य आकर्षण 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन रहा, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एथलीटों ने अपनी दमदार प्रदर्शन क्षमता का परिचय दिया। महिला वर्ग में त्सेहाय देसालेग्न ने 1:16:19 के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि टिगिस्ट डिबाबा 1:16:25 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। सेनाजीत ने 1:17:22 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में फिरोमसा अरार्सा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। रोहित दहिया दूसरे स्थान पर रहे, जबकि मामो गिज़ाउ अबाय ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस श्रेणी में प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 5 किलोमीटर वेटरन वर्ग में वरिष्ठ धावकों ने यह साबित किया कि फिट रहने के लिए उम्र कोई बाधा नहीं होती। महिला वेटरन वर्ग में सुमीना ने 24:39 के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, कमलजीत कौर दूसरे और नरिंदर कौर तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वेटरन वर्ग में सरब राज कुमार ने 19:51 के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, सुनील शर्मा दूसरे और कुलवंत सिंह तीसरे स्थान पर रहे। 5 किलोमीटर ओपन कैटेगरी में भी युवाओं और फिटनेस प्रेमियों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।






महिला वर्ग में अबेरू गेमेचू ने 17:12 के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, अर्पिता दूसरे और हरमनप्रीत कौर तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में रवि 14:45 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि वाशे तेबेजे किनेटो तीसरे स्थान पर रहे। समावेशिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए विशेष दौड़ का आयोजन भी किया गया। इसके साथ ही यूनिक होम, आख़िरी उम्मीद प्रयास स्पेशल स्कूल और अपाहिज आश्रम सहित कई संस्थाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में पद्मश्री बीबी प्रकाश कौर, डॉ. सुषमा चावला, हरपाल कौर धनजल (वेल्डर गर्ल), आईपीएस अधिकारी आकरशी जैन, आईएएस अधिकारी दिव्या पी., राष्ट्रीय एथलीट ट्विंकल चौधरीऔर गग्ग कौर, सोच आटिज्म सोसाइटी की सह-संस्थापक अंजली दादा तथा द आर्च की संस्थापक मनमीत अरोड़ा शामिल रहीं। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर जालंधर डॉ. हिमांशु अग्रवाल (आई ए एस ), मेयर जालंधर विनीत धीर, राजविंदर कौर थियारा, ए.डी.सी.पी सुखविंदर सिंह, ए.डी.सी दिव्या पी (आई.ए.एस ) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पंजाबी गायक मास्टर सलीम और गगन कोकरी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। महान धावक फौजा सिंह के परिवार के सदस्यों की उपस्थिति ने इस आयोजन को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।






सीटी ग्रुप की ओर से चेयरमैन सरदार चरणजीत सिंह चन्नी, मैनेजिंग डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) मनबीर सिंह, को-चेयरपर्सन परमिंदर कौर चन्नी, जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर तनिका चन्नी, वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह, एडवोकेट मनजिंदर सिंह चन्नी, कैंपस डायरेक्टर डॉ. शिव कुमार, डीएसडब्ल्यू डॉ. अर्जन सिंह और खेल विभाग के प्रमुख सतपाल सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि “युद्ध नशियां विरुद्ध” केवल एक नारा नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है, जिसमें प्रशासन, शैक्षणिक संस्थान और नागरिकों को मिलकर युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना होगा। इस अवसर पर उनके द्वारा उपस्थित जनसमूह को नशा-मुक्ति की शपथ दिलाई गई, जिससे सभी को नशों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने की प्रेरणा मिली। सीटी ग्रुप के चेयरमैन सरदार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि संस्थान हमेशा शिक्षा के साथ-साथ समाज के विकास के लिए भी प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि यह मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है, जो युवाओं को फिटनेस, जागरूकता और सकारात्मक जीवन अपनाने की प्रेरणा देता है। 17वीं सीटी हाफ मैराथन – ‘दौड़दा पंजाब’ का समापन उत्साह और सामुदायिक सहभागिता के साथ हुआ। इस आयोजन ने फिटनेस, सामाजिक जागरूकता और महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश देते हुए नशामुक्त और स्वस्थ पंजाब की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित किया।
JiwanJotSavera