जालंधर (अरोड़ा) :- मोहन लाल उप्पल डी.ए.वी. कॉलेज फगवाड़ा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। यह प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रिंसिपल डॉ. किरणजीत रंधावा के योग्य नेतृत्व में उत्साह और गंभीरता के साथ संपन्न हुआ। इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूकता पैदा करना था। सेमिनार के दौरान छात्राओं द्वारा कविताएं और भाषण प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास और इसके महत्व से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। कविता और भाषणों के माध्यम से महिलाओं के संघर्ष, उनकी उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान को उजागर किया गया। इस अवसर पर डॉ. परमवीर कौर रंधावा, डॉ. रेनू गुप्ता, डॉ. सुमेल बाठ और डॉ. टी.एस. रंधावा ने ऑनलाइन माध्यम के जरिए अपने विचार साझा किए और महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में प्रिंसिपल डॉ. रंधावा ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ें और जीवन के हर क्षेत्र में अपनी योग्यता का प्रदर्शन करें। इस अवसर पर महिला सम्मान, समानता और सशक्तिकरण का संदेश मजबूती से प्रस्तुत किया गया। पूरा सेमिनार सुव्यवस्थित और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे विद्यार्थियों में जागरूकता और सकारात्मक सोच को और अधिक मजबूती मिली।
JiwanJotSavera