Wednesday , 4 February 2026

श्री गुरू तेग बहादुर साहिब की शहादत के 350वें वर्ष को समर्पित समागम

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने जिला वासियों को लाइट एंड साउंड शो में शामिल होने का दिया न्योता
4 नवंबर को जालंधर सहित पंजाब के चार जिलों में होंगे लाइट एंड साउंड शो : दीपक बाली

जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी तथा रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने जिला वासियों को पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरू तेग बहादुर जी की शहादत के 350वें वर्ष को समर्पित समागमों की श्रृंखला के तहत 4 नवंबर को यहां गुरू गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले लाइट एंड साउंड शो में बढ़-चढ़कर पहुंचने का न्योता दिया। आज स्थानीय जिला प्रशासकीय परिसर में पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली, डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल तथा पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर सहित मीडिया के समक्ष कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्री गुरू तेग बहादुर जी द्वारा मानवता की भलाई के लिए दिए बलिदान की मिसाल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि गुरू साहिब का महान जीवन और दर्शन संपूर्ण मानवता के लिए प्रकाशस्तंभ है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि श्रीगुरू तेग बहादुर जी की शहादत की 350वीं वर्षगांठ को पंजाब सरकार द्वारा बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा सीसगंज साहिब से अरदास करके 25 अक्तूबर को शहीदी दिवस को समर्पित समागमों की शुरुआत करवाई गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंधी विभिन्न समागम आयोजित किए गए है। उन्होंने बताया कि गुरू साहिब के चरण छोह प्राप्त नगरों एवं शहरों में कीर्तन समागम करवाए जा रहे है। साथ ही पंजाब के सभी जिलों में लाइट एंड साउंड शो भी करवाए जा रहे है। श्री गुरू तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित समागमों में शामिल होने का न्योता देते हुए श्री भगत ने कहा कि ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरू तेग बहादुर जी के जीवन, दर्शन एवं महान बलिदान के बारे में जानने के लिए यह लाइट एंड साउंड शो देखने के लिए समूह जिला निवासी समय पर अपने परिवारों सहित जरूर पहुंचें। पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि नई पीढ़ी को गुरू साहिब के जीवन, शिक्षाओं तथा शहादत से परिचित करवाने के लिए डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए लाइट एंड साउंड शो करवाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरू तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित बड़े स्तर पर समागम करवाए जा रहे है और लाइट एंड साउंड शो भी इसी श्रृंखला के तहत करवाया जा रहा है। उन्होंने जिला वासियों को बड़ी गिनती में श्रद्धापूर्वक इस महत्वपूर्ण धार्मिक शो का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि 4 नवंबर को जालंधर सहित पंजाब के चार जिलों पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब तथा पटियाला में लाइट एंड साउंड शो होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा विभिन्न स्थानों से विशाल नगर कीर्तन भी सजाए जा रहे है। इनमें से एक नगर कीर्तन गुरदासपुर से 20 नवंबर को शुरू होकर 21 नवंबर को जालंधर में प्रवेश करेगा तथा 22 नवंबर को शहीद भगत सिंह नगर के लिए रवाना होगा। 21 नवंबर को जालंधर में ही नगर कीर्तन का ठहराव होगा। उन्होंने कहा कि 23 से 25 नवंबर को आनंदपुर साहिब में समागम होंगे तथा उन्होंने इन समागमों में बढ़-चढ़कर शिरकत करने की अपील की। इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह तथा अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर भी मौजूद थे।

Check Also

सीमा शुल्‍क तथा केंद्रीय उत्‍पाद शुल्‍क के लिए बजट प्रस्‍तावों का उद्देश्‍य प्रशुल्‍क संरचना को और सरल करना, घरेलू विनिर्माण को समर्थन देना है: केंद्रीय वित्‍त मंत्री

केंद्रीय बजट 2026-27 ऊर्जा परिवर्तन तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सीमा-शुल्‍क में कई बुनियादी छूटों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *