बाउपुर टापू के गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए स्थायी समाधान का आश्वासन
नाव के माध्यम से प्रभावित गांवों में जाकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात
जालंधर (अरोड़ा) :- पंजाब के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा ने कहा है कि पंजाब सरकार राज्य में बाढ़ की मार झेल रहे क्षेत्रों के लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करेगी। आज यहां सुल्तानपुर लोधी में जल संसाधन विभाग के सचिव कृष्ण कुमार के साथ कपूरथला जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने बाउपुर और सांगरा के लोगों से बातचीत की।
उन्होंने लोगों की मांगों को ध्यान से सुना और आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार बाउपुर टापू के 16 गांवों को भविष्य में बाढ़ से बचाने के लिए स्थायी समाधान के लिए गंभीर प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने, आवास और राशन उपलब्ध कराने, बीमारियों से बचाव के साथ-साथ पशुधन की स्वास्थ्य देखभाल के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में लगे अधिकारी और कर्मचारी राहत कार्यों को सेवा भाव से निभाएं। सिन्हा ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में प्रशासन के अधिकारी लोगों की जान-माल की रक्षा को प्राथमिकता दें और विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने के कार्य में और तेजी लाई जाए।
मुख्य सचिव ने बाउपुर पुल से राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन सज्जन सिंह चीमा और डिप्टी कमिश्नर के साथ नाव के माध्यम से जाकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा सेना और एसडीआरएफ की मदद से चलाए जा रहे राहत कार्यों का भी जायजा लिया।
उन्होंने आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार ने बाढ़ के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए पहले ही विशेष गिरदावरी के आदेश दे दिए हैं। इस कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए विशेष तहसीलदारों को भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है।



इस अवसर पर डिप्टी अमित कुमार पंचाल ने मुख्य सचिव को कपूरथला जिले में प्रभावित क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेना और एसडीआरएफ की टीमें लोगों को सुरक्षित निकाल रही हैं। इसके अलावा, बाढ़ प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, भोजन, चिकित्सा सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार प्रदान की जा रही हैं। इसके अलावा, फजलाबाद, लाख वरियांह, आहली कलां, मंड कूका गुरुद्वारा साहिब, भरोआणा गुरुद्वारा रबाबसर साहिब में राहत कैंप स्थापित किए गए हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि माल, स्वास्थ्य, पशुपालन, जल संसाधन और अन्य संबंधित विभागों की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे ड्यूटी पर हैं और पूरी तैयारी के साथ राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
इस अवसर पर नगर सुधार ट्रस्ट कपूरथला के चेयरमैन और सुल्तानपुर लोधी के हलका इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा, कपूरथला के हलका इंचार्ज एडवोकेट कर्मबीर सिंह चंदी, एसएसपी गौरव तूरा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर नवनीत कौर बल, कपूरथला, भुलत्थ और सुल्तानपुर लोधी के एसडीएम और सभी विभागों के प्रमुख उपस्थित थे।