नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-1) की बैठक का आयोजन

चंडीगढ़ (ब्यूरो) :- केंद्रीय सरकारी कार्यालयों उपक्रमों एवं निगमों इत्यादि में राजभाषा का प्रयोग बढ़ाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा गठित चंडीगढ़ नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-1) की प्रथम छमाही बैठक चंडीगढ़ होटल शिवालिक व्यू, सैक्टर 17, चंडीगढ़ में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष आम्रपाली दास, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र, चंडीगढ़ ने की। बैठक में चंडीगढ़ स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों/निगमों, बोडौँ एवं उपक्रमों के लगभग 135 कार्यालयाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में चंडीगढ़ स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा की गई तथा केंद्रीय सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए रखे गए लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विचार-विमर्श किया गया। सदस्य सचिव नीना मल्होत्रा उप निदेशक (रा.भा) बैठक में सूचित किया कि चंडीगढ़ स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, उपक्रमों एवं निगमों के कार्मिकों के लिए इस वर्ष भी समिति द्वारा हिंदी निबंध, हिंदी शब्द ज्ञान, कंप्यूटर पर हिंदी टाइप, सामान्य हिंदी ज्ञान, स्व-रचित हिंदी काव्य पाठ, हिंदी अधिकारियों/अनुवादकों के लिए विविधा तथा पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण इत्यादि हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। समिति, राजभाषा अधिकारियों के लिए सेमिनार, अनुवादकों के लिए कार्यशाला तथा कर्मचारियों के लिए हिन्दी कार्यशालाओं का आयोजन भी करेगी। हिंदी लेखन को प्रोत्साहित करने के लिए समिति के सदस्य कार्यालयों में कार्यरत हिंदी लेखकों तथा कार्यालयों द्वारा प्रकाशित पत्रिकाओं के लिए पत्रिका प्रतियोगिता भी आयोजित करने का भी निर्णय लिया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में आम्रपाली दास ने अधिक से अधिक सरकारी कार्य सरल हिन्दी में करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि, भाषा का प्रयोग करने से ही भाषा का विकास होता है किसी भी भाषा की शक्ति उसके प्रयोग में ही निहित होती है। जिस भाषा का प्रयोग जितना अधिक होता है वह भाषा उतनी शक्तिशाली होती जाती है। अतः आइए अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग कर इसके प्रचार-प्रसार और विकास में हम अपना योगदान दें।

Check Also

लांयन अश्वनी सहगल को लायंस ईंटरनेशनल प्रेजिडेंट ने किया सम्मानित

जालंधर/अरोड़ा – लायंस ईंटरनेशनल जिला 321डी के मेगा सर्विस प्रोजेक्ट में मुख्य मेहमान लांयस ईंटरनेशनल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *